उदयपुर. शहर के देवाली स्थित विद्याभवन स्कूल में पीटीआई द्वारा छात्र को पीटने का मामला सामने आया है। परिजनों आराेप है कि पिटाई से बच्चे के पांव में फ्रेक्चर हो गया। इस संबंध में पीटीआई के खिलाफ अंबामाता थाने में रिपोर्ट भी दी है। पुलिस ने बताया कि बेदला निवासी विवेक पुत्र रमेश खटीक देवाली स्थित विद्या भवन स्कूल के 10वीं का छात्र है।
स्कूल में स्पोर्ट्स एक्टिविटीज चल रही हैं। गुरुवार को विवेक अन्य छात्रों के साथ ग्राउंड में था। किसी अन्य छात्र ने दूसरे छात्र पर कंकड़ फेंका। छात्र को लगा कि विवेक ने उस पर कंकड़ फेंका है। इस पर दोनों में हाथापाई हो गई। एक टीचर ने दोनों को अलग कर समझाइश की। रिपोर्ट के अनुसार मारपीट की सूचना पर पीटीआई कुलदीप शर्मा ग्राउंड में आए और विवेक काे पीटा। इससे विवेक के पैर में गंभीर चोट आई है। परिजन छात्र को हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टर्स ने पैर में फ्रेक्चर बताते हुए प्लास्टर बांधा। पुलिस ने छात्र का मेडिकल कराया है। मेडिकल रिपोर्ट से ही गंभीर चोट, फ्रेक्चर होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
परिजनों ने पीटीआई की शिकायत की : प्राचार्य
छात्र के परिजनों ने पीटीआई के खिलाफ मारपीट करने की शिकायत दी थीं। परिजनों से बात हुई है और समझाइश भी की गई है। बच्चे के पैर में फ्रेक्चर होने की जानकारी नहीं है। इस मामले को मैं गंभीरता से ले रही हूं। दोनों पक्षों से बात की है, स्थिति स्पष्ट होने पर एक्शन लिया जाएगा। ऊषा किरण, प्रिंसीपल, विद्या भवन सीनियर सैकंडरी स्कूल, देवाली