उदयपुर. आरएनटी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पतालों के लिए सोमवार को जारी होने वाली 500 नर्सिंग कर्मचारियों की सूची एेन मौके पर रोक दी गई। 749 नर्सिंग कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया में नई गाइड लाइन आने से अब कुल 8 हजार आवेदकों पर मैरिट लिस्ट जारी होगी। इसके लिए नए सिरे से आवेदनों की जांच के लिए दस लोगों की टीम को लगाई गई है।
राजस्थान चिकित्सा शिक्षा विभाग ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज को दिसंबर तक 749 सेकंड ग्रेड नर्सिंग कर्मचारी भर्ती के आदेश दिए है। शुक्रवार को 185 नर्सेज की सूची जारी की गई थी, जबकि सोमवार को 500 की एक अन्य सूची जारी होनी थी। इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने 2100 आवेदनों के वेरीफिकेशन के बाद मैरिट सूची जारी करने की तैयारी कर ली थी। एेन मौके पर निदेशालय से संशोधित गाइड लाइन जारी कर दी गई। इस आदेश के बाद कॉलेज प्रशासन ने पांच सौ की सूची जारी होने से रोक दी। नई गाइड लाइन से डॉक्युमेंट वेरीफिकेशन के लिए दस कर्मचारियों की टीम लगाई है। अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. शलभ शर्मा ने बताया कि नए सिरे से लिस्ट का काम करने में दो दिन का समय लगेगा। उसके बाद नए गाइड लाइन से लिस्ट जारी की जाएगी।
200 संविदा नर्सिंग स्टाफ अब तक दो माह से वेतन नहीं मिलने के कारण आंदोलन कर रहे थे। इस बीच वेतन भुगतान नहीं हुए तीसरा महीना हो गया है। अटके भुगतान के अलावा इनकी कांटेक्ट मियाद का भी एक्सटेंशन नहीं आया है। गौरतलब है कि मार्च 2011 में अर्जेंट टेंपररी बेसिस पर 36, सितंबर 2012 में 92 अगस्त 2013 में 69 नर्सेज को लिया गया था। गत मार्च में ट्रोमा भवन में एनजीओ के जरिए 24 नर्सों को नियुक्ति दी गई थी। अस्थाई संविदा नर्सेज एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी प्रफुल्ल गांधी ने कहा है कि यह तीसरा माह है नर्सेज को वेतन नहीं मिला है। ऐसे में कार्य बहिष्कार ही रास्ता है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार उनके वेतन भुगतान की प्रक्रिया की जा रही है।
शुक्रवार को जारी सूची से 185 कर्मचारियों को सोमवार से ज्वाइनिंग देना शुरू कर दिया गया है। इसके लिए प्रक्रिया पूरी करते हुए कॉलेज प्रशासन ज्वाइनिंग देने में जुटा रहा। भर्ती प्रक्रिया में एमएससी, बीएससी, कंप्यूटर डिप्लोमा सहित अन्य डॉक्युमेंट मांगे गए थे। नई गाइड लाइन से प्रक्रिया में जीएनएम को भी शामिल कर दिया गया है।