उदयपुर. सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क को जनवरी में शुरू करने की बात की जा रही है, लेकिन इसके बेसिक काम भी अभी पूरे नहीं हो सके हैं, बेसिक बिल्डिंग वर्क को पूरा होने पर कम से कम 4 महीने लगेंगे। ऐसे में वन विभाग आनन-फानन में इसे शुरू करता है तो कई खामियां रह सकती हैं। अप्रैल 2008 को शिलान्यास के बाद पहली बार बायोलॉजिकल पार्क पहुंचे गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया ने बताया कि बायोलॉजिक पार्क को जनवरी में शुरू करने की कोशिश की जाएगी।
दौरा करने के साथ गृह मंत्री ने पार्क और बर्ड फेयर के लाेगो का विमोचन किया। सीसीएफ राहुल भटनागर ने बताया कि टिकिट विंडो, ट्रेकिंग पाथ, एनक्लोजर्स का काम एक महीने में पूरा कर लिया जाएगा। अन्य बिल्डिंग्स को तैयार होने में एक महीने से अधिक समय लगेगा तो उनकी वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
इसी आधार पर बायोलॉजिकल पार्क शुरू हो सकेगा। इससे पहले कटारिया ने इंपोर्टेंट बर्ड एरिया जंगल सफारी और मुख्यमंत्री बजट घोषणा में आए स्मृति वन का भी दौरा किया। इस अवसर पर कलेक्टर आशुतोष पेडणेकर, मेयर चन्द्र सिंह कोठारी, पूर्व मेयर रजनी डांगी, सीसीएफ केके गर्ग, सीएफ आईपीएस मथारू सहित सभी अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
पार्क को शुरू करने से पहले बेसिक बिल्डिंग वर्क में करीब 4 महीने लग सकते हैं। पार्क में एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक, वेटनरी हॉस्पिटल, न्यूट्रीशन सेंटर (जंतुओं के खाना रखने की जगह), बुकिंग काउंटर का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे पूरा होने पर करीब 4 महीने लग जाएंगे। घूमने में लिए तैयार किए जा रहे ट्रेकिंग पाथ को भी कम्पलीट होने में एक से डेढ़ महीना लगेगा।
फोटो- दूरबीन से स्थिति देखते गृहमंत्री कटारिया। उनके साथ पूर्व निर्वतमान मेयर भी थे।