उदयपुर. इस बार नवरात्रि में गरबा आयोजन करवाने वाले संगठनों को सुरक्षा इंतजाम के लिए पेमेंट करना होगा। इस दायरे में होम गार्ड को शामिल किया गया है। ये निर्देश शनिवार को एसपी अजयपाल लांबा ने पुलिस लाइन कॉन्फ्रेंस हॉल में जिले की क्राइम मीटिंग के दौरान दिए। एसपी ने थानाधिकारियों को जिम्मा दिया है कि वे आयोजकों को बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पाबंद करें। मीटिंग में एसपी ने कहा कि टूरिस्ट सीजन शुरू हो चुका है। जिलों के आसपास थाना एसएचओ सुरक्षा के विशेष इंतजाम निगरानी की व्यवस्था बनाएं।
सभी थानाधिकारी व्यवस्था करें कि शहर में आने वाले टूरिस्ट को कोई भी परेशानी नहीं हो। यदि किसी टूरिस्ट से कोई शिकायत आती है तो उसे गंभीरता से लेकर तुरंत कार्रवाई करें। ग्रामीण और सिटी दो चरणाें में हुई इस बैठक में एडि. एसपी, डीएसपी सहित जिले के एसएचओ मौजूद थे। इसी क्रम में अगले सप्ताह एडीजी क्राइम अजीत सिंह उदयपुर में बैठक लेंगे।
बैठक में एसपी ने लंबित पड़े चाेरियों के मामले में एसएचओ से प्रश्न किया इन चोरियों का अब तक खुलासा क्यों नहीं हुआ। हालांकि, इस संबंध में एसएचओ ने कार्रवाई की जानकारी दी, लेकिन असंतुष्ट एसपी ने सभी को टास्क दे दिए। इन मामलों में 25 प्रतिशत से कम रिकवरी पर से एसपी नाराज थे। पेट्रोल पम्प लूट की वारदातों में पुलिस तफ्तीश पर असंतुष्टी जताते हुए एसपी ने सभी एसएचओ को इस संबंध में टास्क दिए। इसके अलावा शहर की होटल्स में चल रहे अवैध धंधों पर अंकुश लगाने की निर्देश दिए हैं।