पीछोला के किनारे बनेंगे दो गार्डन
उदयपुर. यूआईटीने पांच झीलों को पर्यटन के मद्देनजर विकसित करने की योजना तैयार की है। इसके तहत पीछोला, गोवर्धन सागर, नेला तलाब, रूप सागर और पुरोहितों का तलाब विकास के काम शीघ्र शुरू कराए जाएंगे। कलेक्टर आशुतोष पेडणेकर यूआईटी सचिव रामनिवास मेहता ने इंजीनियर्स के साथ इन झीलों की लोकेशन देखी। कलेक्टर ने बताया कि पीछोला के किनारे रिंग रोड साइड पर दो नेला तलाब के किनारे भी एक गार्डन बनाया जाएगा। यहां लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। इस एक्शन प्लान में नेला तलाब और रूप सागर के सीमांकन चिन्ह लगाने का निर्णय भी लिया गया।
प्रन्यास अध्यक्ष पेंडणेकर ने बताया कि चीरवा का घाटा तथा अंबेरी गांव के बीच पहाड़ों की तलहटी में स्थित पुरोहितों का तलाब एप्रोच रोड बन पाने से पर्यटकों और शहर वासियों की पहुंच से दूर है। चीरवा का घाटा मेन रोड से पुरोहितों का तालाब तक पक्का रोड बनाने, तलाब पर पार्क बनाने तथा पहाड़ी पर बने हेरिटेज भवन का जीर्णोद्धार करने का निर्णय लिया गया। उल्लेखनीय है कि सरकार आपके द्वार अभियान से पूर्व पंचायती राज मंत्री गुलाबचंद कटारिया ने पुरोहितों का तलाब का जायजा लिया था। कटारिया ने इस तलाब का विकास करने के प्रशासन को निर्देश दिए थे।