उदयपुर. लेकसिटी में रात के तापमान में हो रही लगातार गिरावट के बाद अब सोमवार को दिन के तापमान में भी 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रात का तापमान सामान्य स्तर पर रहा। दिनभर बादल छाए रहने से दिन में भी सर्द अहसास हुआ। छत पर धूप सेंकने वालों को भी राहत नहीं मिली। सुबह देर तक फिर शाम से ही सर्द अहसास बढ़ गया। तापमान घटने से दिनभर सर्द हवाएं चलती रही।
कई लोग दिन में ही गर्म कपड़े पहनकर घर से बाहर निकले। एक दिन पूर्व ही रात के तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस घट गया था। जबकि पिछले 5 दिन से दिन का तापमान मामूली घट-बढ़ रहा था। डबोक मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।