नए आलू आए, दाम हुए 20 रु. प्रतिकिलो
उदयपुर | नएआलू की आवक मंडी में पहुंचने के साथ एक बार फिर दाम घटकर 20 रुपए प्रति किलो हो गए हैं। इन दिनों शहर की मंडियों में आलू 30 रुपए प्रति किलो तक था। अमूमन अक्टूबर, नवंबर में नए आलू बाजार में आने से दाम इतने नहीं बढ़ते, लेकिन इस बार मानसून की देरी के कारण फसल लेट हो गई। इसके चलते पुराना आलू आम आदमी को महंगा मिलने लगा था। मंडी व्यापारियों के अनुसार अभी पंजाब से नया आलू रहा है। रोजाना 30 से 40 टन आवक होने लगी है। अभी मंडी में उत्तरप्रदेश का आलू नहीं आया है, इसकी आवक होते ही दाम ओर कम होने की उम्मीद है।
महंगीसब्जियों से भी मिलने लगी राहत : 50रुपए किलो मिलने वाला मटर, गाजर के दाम घटने लगे हैं। मंडी में मटर, गाजर और टमाटर की बंपर आवक होने से बाजार में 10 दिन पहले 70 रुपए किलो बिकने वाला मटर अब 30 रुपए किलो, गाजर 60 से घटकर 20 से 25 रुपए प्रति किलो हो गया है। वहीं 30 से 40 रुपए किलो में बिकने वाला टमाटर भी अब 20 रुपए किलो हो गया है।
बाजार में आए नए आलू।