उदयपुर. नगर निगम के दल ने कलेक्टर बंगले के सामने भट्टजी की बाड़ी में स्वीकृति विपरीत बनाई जा रही अतिरिक्त मंजिल को ढहा दिया। भट्टजी की बाड़ी में चंद्रप्रकाश मुर्डिया ने निगम से जी प्लस थ्री निर्माण की स्वीकृति ली थी। निगम चुनाव छुट्टियों का फायदा उठाते हुए एक अतिरिक्त मंजिल निर्माण की तैयारी थी। पूर्व में नोटिस देने के साथ ही निगम ने शुक्रवार को काम भी रुकवाया था।
शनिवार रविवार को छुट्टी होने से छत भरने सेंटिंग का काम और तेज करवा दिया। मेयर चंद्रसिंह कोठारी के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक नीतिश भटनागर जेईएन अवैश मोहम्मद ने निगम दस्ते के साथ कार्रवाई की। अवैध रूप से छत डालने लगवाए गए पाटिए गिरा दिए। मुर्डिया ने पास से गुजर रहे सरकारी नाले पर भी पक्का निर्माण कर कब्जा कर रखा था। निगम ने इस निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यहां लगाए गए टीन शेड जब्त कर लिए गए।
मेयर की चेतावनी मेयरने अवैध निर्माण करने वालो को चेताया है कि वे अवैध निर्माण नहीं करे। जिन्होंने ऐसा निर्माण किया है वह अपने स्तर पर हटाए अन्यथा निगम उसे ध्वस्त करने की कार्रवाई करेगा।
अवैध वाॅल होर्डिंग्स हटाए निगमदस्ते ने बहुमंजिला इमारतों की दीवारों पर अवैध रूप से लटकाए वाॅल होर्डिंग हटाने का काम भी शुरू कर दिया है। सोमवार को सूरजपोल क्षेत्र में ऐसे तीन होर्डिंग हटाए गए। निगम दस्ते ने गोवर्धन विलास में भगवतीलाल सुहालका की ओर से बिल्डिंग लाइन से बाहर निर्माण करवाने पर औजार जब्त किए गए।
राज्य सरकार के निर्देश पर नगर निगम मेयर चंद्रसिंह कोठारी ने स्वच्छता सप्ताह की सोमवार को शुरुआत की। पहले दिन रंग सागर किनारे नई पुलिया के आसपास पड़े भराव गंदगी को हटाया गया। इस दौरान आयुक्त हिम्मतसिंह बारहठ, कार्यवाहक स्वास्थ्य अधिकारी देवेंद्र सैनी गैराज अधीक्षक बाबूलाल चौहान भी मौजूद थे। इधर, निगम की टीमों ने शहर में अलग-अलग जगह कार्रवाई करते हुए 19 किलो पॉलिथीन जब्त की और 10 चालान बनाए।