- Hindi News
- युवा रोजगार के प्रस्ताव भेजो उपलब्ध करवाएंगे बजट : पिंगुआ
युवा रोजगार के प्रस्ताव भेजो उपलब्ध करवाएंगे बजट : पिंगुआ
युवारोजगार सृजन के प्रस्ताव यदि केंद्र को भिजवाए जाते हैं, तो उन्हें प्राथमिकता से पारित करते हुए आवश्यक बजट दिया जाएगा। साथ ही जनजाति उपयोजना क्षेत्र में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने इन्हें कौशल विकास कार्यक्रमों से भी जोड़ा जाना चाहिए। यह बात केंद्रीय जनजाति मंत्रालय के संयुक्त सचिव मनोज कुमार पिंगुआ बुधवार को कही। अवसर था, टीएडी विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक का। इस अवसर पर राज्य के जनजाति क्षेत्रीय विकास आयुक्त वैभव गालरिया भी मौजूद थे। पिंगुआ ने भारत सरकार द्वारा दी जाने वाली विशेष सहायता राशि एवं मद में चलाए जा रहे विकास कार्यक्रमों के बारे में अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने विभाग द्वारा विभिन्न ब्लॉक, जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तरीय जनजाति खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाकर भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्थान सहकारिता संघ द्वारा लघु वन उपज गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में 81 लाख के प्रस्ताव भारत सरकार को भिजवाए गए है, इस पर भी स्वीकृति के प्रयास करेंगे।
आश्रम छात्रावासों का निरीक्षण
संयुक्तसचिव ने अपने प्रवास के दौरान जिले के झाड़ोल ब्लॉक में संचालित जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास, नाल सांडोल में वानिकी कार्य, बैफ के तहत संचालित बावड़ियों तथा स्वच्छ प्ररियोजना में संचालित डे केयर सेंटर रिछावल का निरीक्षण किया। संयुक्त सचिव ने ढीकली मॉडल पब्लिक जनजाति विधालय का भी निरीक्षण किया और वहां बालिकाओं को दी जा रही खाधान्न सामग्री की गुणवत्ता पर भी संतोष व्यक्त किया। उन्होंने टीआरआई के संग्रहालय एवं पुस्तकालय भी देखा।