जोधपुर. कलेक्टर आशुतोष पेडणेकर ने जिले में अवैध कब्जों की शिकायत पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के लिए यूआईटी और नगर निगम सख्त निर्देश दिए हैं। जिला परिषद सभागार में शुक्रवार को जिला सतर्कता समिति बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर ने कहा कि अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेना चाहिए और कार्रवाई का सख्त कदम उठाते हुए आमजन को राहत दिलानी चाहिए। साथ ही ऐसे स्थलों को सीज करने की कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना बोर्ड लगाकर दर्शाई जाए। उन्होंने कहा कि रिहायशी क्षेत्र में अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन पर भी तत्काल रोक लगाई जाए।
शहर में सार्वजनिक क्षेत्र की भूमि पर कई जगह अतिक्रमण की शिकायतें हैं। ऐसे स्थान को चिह्नित कर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने बैठक में 21 प्रकरणों को सुना और निजी प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रुचि लेकर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में वल्लभनगर विधायक रणधीर सिंह भींडर, एसपी अजयपाल लांबा, एडीएम सिटी मोहम्मद यासीन पठान, नगर निगम आयुक्त हिम्मत सिंह बारहठ, यूआईटी के भूमि अवाप्ति अधिकारी लाल सिंह देवड़ा, जलदाय के एसई डी.के. गौड, संयुक्त निदेशक (पेंशन) सुरेश जैन आदि मौजूद थे।