उदयपुर. जिले के स्कूलों के जर्जर भवन, टपकती छतों और गिरने प्लास्टर की तीन दिन में सूची बनेगी। इसके बाद इसके लिए विशेष बजट की मांग कर मरम्मत कराई जाएगी। मानपुरा स्कूल में प्लास्टर गिरने और तीन बच्चों के घायल होने की घटना के बाद \\"भास्कर\\' ने शुक्रवार के अंक में \\"भले छत गिरने वाली हो, जयपुर से बजट आने पर ही हाेगी मरम्मत\\' शीर्षक से जिले के स्कूलों की ग्राउंड रिपोर्ट प्रकाशित की थी। इसमें सर्व शिक्षा अभियान के बजट और उसके अभाव में जिले के स्कूलों के हाल बताए गए थे।
इस रिपोर्ट के बाद जिला प्रशासन ने सुध नहीं ली, लेकिन सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक ने सभी डीईओ को पत्र लिखकर जर्जर हाल, टपकती छतों और गिरते प्लास्टर की रिपोर्ट तलब की है। यह रिपोर्ट डीईओ तीन दिन में जिला समन्वयक को सौंपेंगे। उसके बाद जेईएन एईएन को स्कूलों में भेजकर तखमीना तैयार किया जाएगा। उसके आधार पर सभी स्कूलों की मरम्मत के लिए बजट मांगा जाएगा। इधर, कलेक्टर आशुतोष एटी पेंडणेकर ने बताया कि वे डीईओ से बातचीत करके ऐसे स्कूलों की रिपोर्ट तलब करेंगे और उन्हें जल्द से जल्द बजट के लिए प्रयास करेंगे।