उदयपुर. मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में इस शैक्षणिक सत्र से स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षा के लिए इंटरनल एग्जाम होंगे। ये 20 मार्क्स के होंगे। विवि के कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को पुराने पैटर्न से परीक्षा देनी होगी।
यह निर्णय शुक्रवार को कुलपति प्रो. आई.वी. त्रिवेदी की अध्यक्षता में विभागाध्यक्षों की हुई बैठक में लिया गया। इंटरनल एग्जाम की तारीख एक-दो दिन में जारी कर दी जाएगी। मुख्य परीक्षा का पेपर 80 अंक का होगा। बताया गया कि परीक्षा के पुराने पैटर्न में सेक्शन ए, बी, सी में शब्दों के आधार पर उत्तर देने होंगे। सेक्शन में 50 शब्दों तक उत्तर की सीमा रहेगी, वहीं बी सेक्शन में 150 से 200 तथा सी सेक्शन में निबंधात्मक प्रश्न होंगे।
बैठक में रजिस्ट्रार डॉ. आर.पी. शर्मा, कॉमर्स कॉलेज के डीन प्रो. विजय श्रीमाली, साइंस कॉलेज डीन प्रो. वेणुगोपलन, आर्ट्स कॉलेज डीन प्रो. फरीदा शाह, लॉ कॉलेज डीन डॉ. आनंद पालीवाल, डीएसडब्ल्यू प्रो. विनोद अग्रवाल, परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमावत, छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु चौधरी सहित विभिन्न संकायों के एचओडी मौजूद थे। गौरतलब है कि परीक्षा पैटर्न में बदलाव के खिलाफ केंद्रीय छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु चौधरी के नेतृत्व में छात्रों ने 23 अगस्त को कुलपति भवन पर प्रदर्शन किया था।
बैठक में इन बातों पर दिया जोर
एकेडमिककैलेंडर को स्ट्रिक्टली फॉलो किया जाए।
कक्षाओं का संचालन समय पर हो।
कक्षा स्तर पर इंटरनल एग्जाम तय समय पर हो।
मुख्य परीक्षा समय पर तथा रिजल्ट भी समय पर घोषित हो।
अगला सत्र भी समय अनुसार शुरू हो।