पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गूंजी कैरोल की धुनें, बच्चे बने स्वर्गदूत

गूंजी कैरोल की धुनें, बच्चे बने स्वर्गदूत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उदयपुर। क्रिसमस से जुड़े आयोजनों की कड़ी में रविवार को शेपर्ड मेमोरियल चर्च में व्हाइट गिफ्ट संडे मनाया गया। इस दिन की परंपरा के अनुसार आराधना में पहुंचे श्रद्धालुओं ने सफेद और चमकीले आवरण में लिपटे उपहार भेंट किए।

व्हाइट गिफ्ट संडे पर सुबह 9 बजे हुई आराधना में रेव्ह. रेमसन विक्टर ने कहा कि परमेश्वर के लिए टाइम और टेलेंट दें। संसार में हमें परमेश्वर ने भेंट स्वरूप जीवन दिया है। फलस्वरूप उसका आशीष हम पर बना रहता है।

मनुष्य का कर्तव्य है कि उसके जीवन से प्रभु की सेवा प्रकट हो। इस मौके पर श्रद्धालुओं ने ‘गडरिये अपनी भेड़ें जब रात को चरा रहे...’, ‘होगी बरकत की बारिश...’, ‘हम तीन राजा पूरब की शान, भेंट चढ़ाने लाते हैं दान...’ आदि गीतों की प्रस्तुतियां दी। बच्चों ने प्रभु यीशु मसीह के जन्म की झांकी प्रस्तुत की। उन्होंने गडरियों, स्वर्ग दूतों, राजा तथा सैनिकों का रूप धरा। नेशद मैसी, आयुष माइकल, नियोनिना रोज ने बाइबिल पाठ किया।
मोहल्लों में कैरोल गायन शुरू

आयोजनों की कड़ी में रविवार शाम को घर-घर जाकर कैरोल गायन शुरू किया गया। एक टोली ने शेपर्ड चर्च से शुरू कर आयड़, विनायक कॉम्प्लेक्स पहाड़ा, महासतिया, जयश्री कॉलोनी, बोहरा गणेशजी, दूसरी टोली ने अशोक नगर, मादड़ी रोड, आकाशवाणी कॉलोनी, गुप्तेश्वर नगर में कैरोल गायन किया। सोमवार को एक टोली हॉस्पिटल परिसर, सुंदरवास, देबारी और दूसरी टोली प्रतापनगर, खेमपुरा, डबोक में गायन करेगी।
शांति रैली 20 को
क्रिसमस के उपलक्ष्य में सर्व धर्म मैत्री संघ की ओर से शांति रैली का आयोजन 20 दिसंबर को किया जाएगा। रैली में शहर के विभिन्न स्कूलों, सामाजिक संगठनों, संस्थाओं की भागीदारी रहेगी। विभिन्न चौराहों पर धर्म गुरुओं द्वारा रैली का स्वागत किया जाएगा। आयोजन की तैयारी को लेकर पटेल सर्किल स्थित संघ कार्यालय पर पदाधिकारियों की बैठक हुई। शाम 5 बजे फादर नॉरबर्ट हरमन की मौजूदगी में हुई बैठक में तैयारियों पर चर्चा की गई।