उदयपुर. चित्रकूटनगर स्थित खेलगांव परिसर में मेरिज गार्डन और कॉमर्शियल शॉप बनाकर उन्हें किराए पर दिया जाएगा। प्राप्त होने वाली आय से इसके रखरखाव की व्यवस्था की जाएगी। यह योजना खेल विभाग के प्रमुख शासन सचिव जेसी मोहंती के निर्देश पर राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद और यूआईटी द्वारा जोधपुर और झालावाड़ के पैटर्न पर बनाई गई है। योजना में उल्लेखनीय है कि 2009 से खेलगांव के संचालन का मामला अटका हुआ है। जहां बजट के अभाव में क्रीड़ा परिषद इसको टेक ओवर नहीं कर सका है।
योजना के तहत यूआईटी द्वारा खेलगांव में मेरिज गार्डन और कमर्शियल शॉप तैयार कराई जाएगी। इसका संचालन कलेक्टर द्वारा बनाई जाने वाली समिति द्वारा किया जाएगा। इसमें अध्यक्ष कलेक्टर और सचिव जिला खेल अधिकारी होंगे। वर्तमान में जोधपुर और झालावाड़ में खेल स्टेडियम का संचालन इसी पैटर्न पर सफलता के साथ किया जा रहा है।
जल्द ही अंतिम रूप देंगे
अभी योजना पर ही काम चल रहा है। सभी पक्षों पर विचार कर जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा। आशुतोषपेडणेकर, कलेक्टर,उदयपुर
तैयारी कर ली है
मुख्यालय से मिले निर्देश के अनुसार जोधपुर और झालावाड़ पैटर्न की पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। खेलगांव की भी पूरी रिपोर्ट बना ली गई है। इन दोनों को आगे की कार्रवाई के लिए यूआईटी सचिव और जिला कलेक्टर को भेज दिया गया है। ललितसिंह झाला, जिलाखेल अधिकारी, उदयपुर
यूआईटी और जिला खेल कार्यालय द्वारा योजना की डिटेल रिपोर्ट 16 सितंबर को अंतिम स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय, नगरीय विकास विभाग के प्रमुख शासन सचिव खेल विभाग को भेजी जानी है। खेल विभाग ने जोधपुर झालावाड़ पैटर्न की रिपोर्ट और खेलगांव की वर्तमान रिपोर्ट के साथ मेंटीनेंस के मासिक खर्च की पूरी रिपोर्ट कलेक्टर और यूआईटी सचिव को भेजी है। यूआईटी द्वारा विस्तृत रिपोर्ट बनाकर जयपुर मुख्यालय को भेजी जानी है। इसके बाद यूआईटी और राज्य क्रीड़ा परिषद के बीच एमओयू होगा।