पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पुलिस लाइन की मैस में सवा 19 लाख का गबन

पुलिस लाइन की मैस में सवा 19 लाख का गबन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उदयपुर. पुलिस लाइन की मैस में आए सामान की ऑडिट के दौरान 19 लाख 25 हजार का गबन सामने आया है। इसे लेकर डीएसपी ने तीन तत्कालीन हेडकांस्टेबल के खिलाफ सूरजपोल थाने में गबन का मामला दर्ज करवाया है।

डीएसपी गोवर्धन लाल ने बताया कि अक्टूबर 2003 से सितंबर 2007 तक मैस इंचार्ज रहे हेडकांस्टेबल पृथ्वी सिंह (597) के खिलाफ 18 लाख 17 हजार 117 रुपए, अगस्त 2002 से अक्टूबर 2003 तक इंचार्ज रहे हेडकांस्टेबल पीतांबर लाल (1922) के खिलाफ 50 हजार 617 रुपए और फरवरी 2009 से अगस्त 2009 तक मैस इंचार्ज रहे हेडकांस्टेबल रामेश्वर लाल (1243) के खिलाफ 56 हजार 113 हजार रुपए के गबन करने की एफआईआर दर्ज कराई है। पीतांबर लाल मई 2005 में रिटायर हो चुका है। इन इंचार्जों ने अपने समय में मैस में आने वाले सामानों के बिलों में फर्जीवाड़ा कर इस राशि का गबन किया। ऑडिट के दौरान जब गड़बड़ी सामने आई तो विभागीय स्तर पर जांच कमेटी बनाई गई और मामले की जांच शुरू हुई। जांच में गबन सामने आने पर रविवार को तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।

सामान की खरीद और कैश बुक में की हेराफेरी

तीनों मैस इंचार्ज ने सब्जी, आटा राशन का सामान खरीदने और बैंक से रुपए लाने, इस राशि के खर्च का हिसाब-किताब रखने, कैश बुक में गड़बड़ी की और महत्वपूर्ण रिकॉर्ड, बाउचर्स का संधारण नहीं कर वित्तीय अनियमितताएं की और बोगस अमानत राशि बताकर भुगतान कर मैस राशि का गबन किया है। विभाग ने जांच की दायरे में अाए हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल से स्पष्टीकरण मांगे थे। स्पष्टीकरण मिलने के बाद विभाग ने इन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।