उदयपुर. गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर रविवार को हुए तीन हादसों में एक किशोर की मौत हो गई, वहीं पांच लोग घायल हो गए हैं। काया में हुए हादसे से गुस्साए लोगों ने कार को आग लगाने की कोशिश की, हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने समझाइश कर लोगों को शांत किया और घायलों को अस्पताल भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि बारापाल बस स्टेंड के पास हुए हादसे में कल्लेसात, इमलीघाट निवासी मो. शोएब (16) पुत्र माे. अयूब की मौत हो गई। मो. शोएब उसके चाचा रमजान अली पुत्र यूसुफ के साथ बाइक से टीडी डेम पर पिकनिक मनाने जा रहा था। हाइवे पर बारापाल बस स्टेंड के पास पीछे से आए ट्रोले ने चपेट में ले लिया। हादसे में मो. शोएब की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं रमजान अली घायल हो गया।
जलाने लगे कार
बलीचा बाईपास पर कार की टक्कर से बाइक सवार मसारों की ओबरी निवासी रमेश पुत्र भीमा मीणा घायल हुआ है। इधर, काया में हुए हादसे में जीप की टक्कर से बाइक सवार कुंडाल निवासी किशनलाल पुत्र अमृतलाल और राजू पुत्र खेमराज घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के खासी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और उन्होंने कार को आग लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेकाबू लोगों को समझाइश कर दूर किया।
बैंड बजाकर चलाता था पूरा घर
बतायागया कि मो. शोएब बैंड बजाने और बैटरी का काम करता था। परिचितों के अनुसार पूरे घर संचालन की जिम्मेदारी उसपर थी, जिसे वह इससे पूरा करता था। शोएब से छोटा भाई विक्षिप्त है, पिता को टीबी है, ऐसे में घर की सभी जिम्मेदारियां शोएब संभाल रहा था।