- Hindi News
- प्रगणक करते रहे इंतजार नाम जुड़वाने पहुंचे गिनती के
प्रगणक करते रहे इंतजार नाम जुड़वाने पहुंचे गिनती के
उदयपुर| नगरनिगम चुनाव की मतदाता सूची जारी होते ही शहर के सभी 55 वार्डों की वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के लिए रविवार को कई केंद्रों पर प्रगणकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने वाले आवेदकोंं के इंतजार में सुबह से शाम हो गई। भास्कर ने शहर के प्रमुख वार्डों का दाैरा किया, जहां प्रगणकों ने कहा कि नाम मात्र के लोगों ने फार्म ले जाने में रुचि दिखाई। ओसवाल भवन में वार्ड संख्या 43 पर प्रगणक दीपमाला सालवी ने बताया कि शाम तक मतदाता सूची का अवलोकन करने नहीं पहुंचा। इस वार्ड में अलग-अलग भाग संख्या के तहत 1042 ,1202 तथा 862 मतदाता हैं। वार्ड संख्या-12 के लिए पंचायती नोहरे में प्रगणक संजय कुमार गंधर्व तथा महेंद्र दलाल ने बताया कि एक फार्म जमा हुआ, जबकि 10 फार्म नाम जुड़वाने के लिए आवेदक ले गए। वार्ड संख्या 42 में 1037 मतदाताओं में से नाम जुड़वाने के लिए एक भी आवेदक नहीं पहुंचा। प्रगणक अलका वर्मा ने बताया कि लोग पहले ही मतदाता सूची में नाम जुड़वा चुके हैं, इसलिए अभी कोई नहीं रहा। अश्विनी बाजार मार्ग स्थित सैफी सेकंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में एक ही सेंटर पर चार प्रगणक थे, लेकिन मात्र 5 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि 12 फार्म आवेदक ले गए। प्रगणक यासीन बानू, मीरा साहू, मुबारिक तथा दिनेश वशिष्ठ ने बताया कि आवेदक से एक जनवरी 2014 तक 18 वर्ष पूरा करने वाले वंचित आवेदकोंं से ही आवेदन मांगे गए, जबकि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पात्र लोग मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा चुके हैं।
मुखर्जी चाैक स्थित ओसवाल भवन में वार्ड न. 43 के शिविर पर यहां दो दिन से कोई भी नहीं पहुचा।