- Hindi News
- मारवाड़ मावली ट्रेन का इंजन फेल दो घंटे तक रास्ते में अटकी रही
मारवाड़-मावली ट्रेन का इंजन फेल दो घंटे तक रास्ते में अटकी रही
कुंवारिया/राजसमंद |मारवाड़ सेमावली जाने वाली ट्रेन का इंजन रविवार सुबह खारा कमेरी रेलवे स्टेशन पर फेल हो गया। मावली से आने वाली ट्रेन का इंजन खोलकर इस गाड़ी को चारभुजा रोड (आमेट) रेलवे स्टेशन लाया गया। मावली से दूसरा इंजन आने तक मारवाड़ से मावली आने वाली ट्रेन चारभुजा रोड स्टेशन पर ही खड़ी रही। ऐसे में यात्रियों को परेशान होना पड़ा। मारवाड़ से सुबह पांच बजे चलने वाली ट्रेन सुबह नौ साढ़े आठ बजे खारा कमेरी रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां इंजन रेलवे स्टेशन पर ही फेल हो गया। पायलट ने इंजन को चलाने के काफी प्रयास किए, लेकिन इंजन नहीं चला। करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेन को खारा कमेरी रेलवे स्टेशन पर ही रोकना पड़ा।
इधर, सुबह सात बजे मावली से मारवाड़ जाने वाली ट्रेन को चारभुजा रोड (आमेट) में ही रोककर इसका इंजन खोलकर खारा कमेरी भेजा गया। जहां यह इंजन ट्रेन को चारभुजा रोड (आमेट) स्टेशन पर लाया। आमेट स्टेशन पर ट्रेन को छोड़कर मारवाड़ जाने वाली ट्रेन ने आगे का सफर शुरू किया। मावली स्टेशन से दूसरा इंजन आने तक ट्रेन आमेट स्टेशन पर आधे घंटे तक खड़ी रही। सवा ग्यारह बजे मावली से दूसरा इंजन पहुंचा। इसके बाद ट्रेन को मावली के लिए रवाना किया गया। मावली में यह ट्रेन करीब तीन घंटे की देरी से दोपहर सवा दो बजे पहुंची।
मावली में यात्रियों को नहीं मिला ट्रेनों का कनेक्शन
मावली में ट्रेन दोपहर सवा दो बजे पहुंची, तब तक चित्तौड़ उदयपुर की तरफ जाने वाली ट्रेनें निकल चुकी थी। ऐसे में कुछ यात्री बसों में कुछ शाम चार बजे गंतव्य की तरफ जाने वाली ट्रेनों में रवाना हुए।