- Hindi News
- कश्मीर बाढ़ पीड़ितों के लिए राशि जुटाने पाल पर कार्यक्रम
कश्मीर बाढ़ पीड़ितों के लिए राशि जुटाने पाल पर कार्यक्रम
उदयपुर | कश्मीरके बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अवनि संस्थान की ओर से फतहसागर पाल पर कार्यक्रम का आयोजन। शाम को भ्रमण पर बड़ी संख्या में आए शहरवासियों और पर्यटकों का ध्यान संस्थान की युवा टीम ने गीत-संगीत से आकर्षित किया। संस्थान के अध्यक्ष गोविंद पानेरी ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए जुटाई गई राशि सोमवार को कलेक्टर आशुतोष पेडणेकर को सौंपी जाएगी। राशि जुटाने के लिए रखा गया बॉक्स प्रशासन के समक्ष ही खोला जाएगा। नए-पुराने गीत, संगीत सुनकर फतहसागर पाल पर आए लोगों के कदम रुक गए। कार्यक्रम में जहां कश्मीर बाढ़ पीडितों के सहायतार्थ आर्थिक मदद की दरकार की गई, वहीं युवाओं ने गिटार और भोगो पर गीतों को पेश-कर अधिक से अधिक लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। कार्यक्रम में गिटार पर अभिनव, चेरिस, मोहित ने संगत की वहीं भोगो पर कर्तव्य ने ताल दी। युवाओं की टीम द्वारा गाए गए गीतों में कहीं दूर जब दिन ढल जाए..., होठों से छू लो तुम मेरा गीत अमर कर दो..., क्या हुआ तेरा वादा..., ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे..., तेरे जैसा यार कहां... जैसे गीत प्रमुख थे।
अवनि संस्थान की अोर से फतहसागर पाल पर कार्यक्रम में प्रस्तुति देते कलाकार। भास्कर