न्यूज़ इन बॉक्स
156 लोगों की जांच कर उपचार किया
उदयपुर | पूज्यजेकब आबाद सिन्धी पंचायत एवं कल्पना नर्सिंग होम के साझे में समाज सेवी गिरधारी लाल पाहुजा की पुण्य तिथि पर रविवार को शक्तिनगर स्थित झूलेलाल भवन में नि:शुल्क चिकित्सा एवं जांच शिविर लगाया गया। पंचायत के महामंत्री वासुदेव राजानी ने बताया कि शिविर में 156 लोगों ने ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, ईसीजी आदि जांच करवाई। डॉ. सुनील चुग, डॉ. पंकज जैन, डॉ. भीम सिंह जसौद आदि ने सेवाएं दीं।
नईकार्यकारिणी का गठन
उदयपुर | जैनकांफ्रेंस की महिला शाखा ने शनिवार को नई कार्यकारिणी गठन किया तथा जीवदया के लिए पेटियां वितरीत की। कांफ्रेंस की संभागीय अध्यक्ष ममता रांका ने बताया कि डबोक की तरह ही कांफ्रेंस ने राजकुमारी गन्ना, ममता हरकावत, भारती सेठ के साथ मिलकर हिरणमगरी क्षेत्र में भी नवीन कार्यकारिणी का गठन किया। महामंत्री पिंकी मांडावत ने बताया कि महिला शाखा की ओर से 19 अक्टूबर को पंचायती नोहरे में होने वाले कन्या शिविर की जानकारी देकर शिविर में भाग लेने के लिए फार्म भी भरवाएं गए।
बालश्रम पर कार्यशाला का समापन
उदयपुर | बालतस्करी में छापे के दौरान बच्चों को छुड़ाते समय पुलिस के विशेष दल में सादी वर्दी महिला पुलिसकर्मी के साथ एनजीओ के प्रतिनिधि भी शामिल हों। कार्रवाई की फोटोग्राफी वीडियोग्राफी भी करवाई जाए। अगर कोई किशोर बाल तस्करी में लिप्त पाया जाए तो पुलिस अधिकारी उसे किशोर बाल गृह अन्य संरक्षण केंद्र पर तुरंत पहुंचाए। यह बात दिल्ली हाईकोर्ट के अधिवक्ता अनन्त अस्थानी और सेन्ट्रल हक फॉर चाइल्ड राइ्ट्स के प्रतिनिधि कुमार शलभ ने रविवार को दी। अवसर था, चाइल्ड फंड इंडिया के उदयपुर एरिया द्वारा बाल व्यापार रोकथाम में पुलिस कर्मियों की भूमिका विषयक कार्यशाला के समापन का। इसमें एएसपी हनुमान प्रसाद सहित 38 पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। एरिया मैनेजर आशिष गरहाई ने बताया कि कार्यशाला में बाल व्यापार की रोकथाम को लेकर किशोर न्याय अधिनियम में बदलाव और क्रिमिनल लाॅ अमेंटमेंट 2013 में किये गये संशोधनों की जानकारी के साथ बाल तस्करी में बचाए गये बच्चों के साथ पुलिस की भूमिका और पुलिसकर्मियों की समस्याओं के निराकरण पर भी चर्चा की गई।
कार्यशाला में शामिल प्रतिनिधि। भास्कर