पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अकीदत| हरसलाम के साथ बरसी बरकत

अकीदत| हरसलाम के साथ बरसी बरकत

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उदयपुर। खारोल कॉलोनी में रविवार शाम शिया दाऊदी बोहरा समाज की अकीदत उमड़ पड़ी, जब 53वें सैयदना आलीकदर मुफद्दल सैफुद्दीन के दीदार हुए। अकीदतमंदों में एक ही जज्बा था- “दीदार तेरा हो जाए, मुझ पे भी ये करम हो जाए।’ इससे पहले जुलूस-ए-मिलाद निकला। अलग-अलग शहरों के 20 बैंड ग्रुप ने सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन को सलामी दी।
जुलूस-ए-मिलाद ने दिया अमन का पैगाम
अलग-अलग शहरों से आए बैंड ग्रुप ने खास लिबास के साथ अपने क्षेत्र का परिचय देते हुए अमन आैर मीठे रिश्तों काे दर्शाया। उदयपुर का बुरहानी स्काउट बैंड मेवाड़ी पगड़ी और साफों में दिखा तो नाथद्वारा ग्रुप के मैंबर वैष्णव की पोशाकों में थे। राष्ट्र भक्ति का जज्बा दिखाते तीन बैंड समूहों ने केसरिया, सफेद और हरे रंग की पगड़ियां पहनीं। मुंबई, सूरत, रतलाम, बांसवाड़ा, लूनावाड़ा, डूंगरपुर, नाथद्वारा, कांकरोली, पारसोला सहित विभिन्न शहरों के बैंड शामिल थे।
20 बैंड ग्रुप के साथ हजारों अकीदतमंदों ने दी सलामी
सैयदना डॉ. मोहम्मद बुरहानुद्दीन की सालगिरह की पूर्व संध्या पर इस जुलूस का आगाज शाम पांच बजे सुखाड़िया सर्कल से हुआ। काफिला फतहपुरा, सेवा मंदिर मार्ग, आस्था गली होते हुए खारोल कॉलोनी स्थित मस्जिद के बाहर पहुंचा। 20 से अधिक बुरहानी बैंड समूहों ने शाही धुनों से सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन को सलामी दी। तख्त से सैयदना अकीदत के साथ अपने चाहने वालों पर बरकत बरसा रहे थे। जुलूस से पहले दोपहर 3 बजे से ही अकीदतमंद जुटने लगे। इसके चलते यहां मेले जैसा माहौल रहा।
सैयदना ने दरगाहों में की जियारत
सैयदना साहब ने सुबह खांजीपीर साहब और बोहरवाड़ी स्थित लुकमान साहब की दरगाह में फूलों की चादर पेश कर जियारत की। दोनों मस्जिदों के बाहर हजारों अकीदतमंदों की मौजूदगी रही। सैयदना साहब ने खारोल कॉलोनी मस्जिद में ही मगरिब और ईशा की नमाज भी अदा की।
ट्रैफिक डायवर्ट नहीं करने से यातायात व्यवस्था बिगड़ी
जुलूस के दौरान ट्रैफिक पुलिस की माकूल व्यवस्था नहीं थी। ट्रैफिक डायवर्ट नहीं करने से एक ही रोड पर दोनों तरफ के वाहन आमने-सामने हो गए। कुछ गाड़ियां टकराई भी। ये हालात देख पुलिस ने एक तरफ का ट्रैफिक अचानक रोक दिया। इससे वहां और शहर में कई जगह जाम की स्थिति हो गई। जाम से बचने के लिए कई लोग फतहपुरा से सेलिब्रेशन की ओर जा रहे रोड पर मुड़ गए, वहीं कुछ लोगों ने आलू फैक्ट्री की ओर से निकलना चाहा, लेकिन वहां शादी समारोह का टेंट लगा होने से गाड़ियां गली में ही अटक गईं। बाद में लोगों ने शादी के टेंट के बीच से गाड़ियां निकालीं।