उदयपुर. हिरण मगरी थाना क्षेत्र के सब सिटी सेंटर स्थित प्रभात एंटरप्राइजेज शॉप पर शुक्रवार रात चोर डेढ़ लाख रुपए के कटर चोरी कर ले गए। चोरों ने दुकान में घुसने के लिए शटर को काटकर एक नया छोटा गेट बना लिया। सुबह जब पड़ोसी ने देखा तो दुकान मालिक को सूचना की। गायरियावास निवासी दुकान मालिक ऋषि पुत्र गोपाल नारायण जिंदल ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि सब सिटी सेंटर में ऋषि की आयरन कटर और मशीनरी पार्ट्स शॉप है।
सुरक्षा के लिए व्यापारी ने दुकान में गेट सेंसर और सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए थे। शुक्रवार रात चोरों ने शटर खोलने के बजाए काटकर नया गेट बना लिया और करीब 1000 छोटे कटर और 400 बड़े कटर सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह घर से बाहर आए पड़ोसी ने शटर कटा हुआ देखा तो दुकान मालिक ऋषि जिंदल को सूचना दी। ऋषि जिंदल ने बताया कि उनकी दुकान में 13 अप्रैल को भी चोरी हुई थी। तब चोर 26 लाख रुपए का सामान ले भागे थे।
पुलिस को जानकार पर शक
पुलिस को चोरी में किसी जानकार या पूर्व में चोरी करने वालों पर शक है। पुलिस का अनुमान है कि वारदात करने वाला वेल्डिंग और कटिंग का काम भी जानता है। उसने शटर को जितनी सफाई से काटकर नया छोटा गेट बनाया, ऐसा कोई जानकार ही कर सकता है।
सीसीटीवी फुटेज में दिखा नकाबपोश
ऋषि जिंदल ने बताया कि शटर में गेट सेंसर लगा था, लेकिन वह तभी काम करता है, जब शटर को ऊपर किया जाए। चोर शटर ऊपर या टेढ़ा करने के बजाय काट कर घुसे। फिर अंदर आकर सीसीटीवी कैमरे का वायर काट दिया। कैमरा चेक करने पर दुकान में एक बदमाश घुसता हुआ नजर आया है, लेकिन उसके चेहरे पर नकाब है।
फोटो- सबसिटी सेंटर स्थित दुकान से हुई चोरी। चोर ने शटर को इस तरह काट और अंदर घुसा।