उदयपुर. हिरणमगरी, सवीना जैसे उप नगरीय क्षेत्र में सब सिटी सेंटर विकसित करने का स्मार्ट प्लान तो 25 साल पहले बन गया था, लेकिन हुआ क्या। 136 बीघा जमीन पर 1600 दुकानों वाला शहरी क्षेत्र का सबसे बड़ा कॉमर्शियल सेंटर बनना था। गोल मार्केट के बीच झरना ओपन थियेटर भी विकसित होना था। कुछ सरकारी दफ्तर भी बनने थे, लेकिन किसी ने चिंता नहीं की। ये योजना समय पर पूरी हो जाती तो उपनगरीय क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज, पार्क डवलपमेंट जैसे काम भी हो चुके होते और आज हम नेक्स्ट विजन की बात कर रहे होते।
ये बड़ा मुद्दा निकलकर आया दैनिक भास्कर की ओर से आयोजित रूबरू के सातवें चरण में 20, 21, 22, 23 25 के रूबरू में। रेती स्टैंड स्थित किसान भवन में हुए रूबरू में ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, मेयर रजनी डांगी पांचों पार्षदों की मौजूदगी में क्षेत्रवासियों ने बड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए सकारात्मक सुझाव दिए। प्रमोद मेनारिया ने कहा कि जैसे ही निगम का बोर्ड बनता है नए ट्री गार्ड लगाकर लाखों रुपए खर्च कर देते हैं। फतहलाल ने कहा यहां पट्टों का बड़ा मुद्दा है।
ये हाल है सब सिटी सेंटर का
20साल पहले कब्जे हटवाने के बाद भी निर्माण बंद कर दिया गया। शहर की गंदगी मलबा यहां खाली होने से यह स्थान अघोषित ट्रेचिंग ग्राउंड बन गया। गंदगी खाली करने वालों में नगर निगम के कुछ कर्मचारी भी शामिल थे। पिछले साल ही यूआईटी ने मलबे काे हटवा कर होमगार्ड तैनात किए थे।
रूबरू कार्यक्रम में मंचासीन मेयर रजनी डांगी, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, पार्षद सत्यनारायण मोची, सारिका शर्मा, राजकुमारी मेनारिया, चंदा टेलर ललिता मेनारिया।