- Hindi News
- ज्ञान के साथ साथ अपनी सोच को सकारात्मक बनाएं: डॉ. जोशी
ज्ञान के साथ-साथ अपनी सोच को सकारात्मक बनाएं: डॉ. जोशी
उदयपुर|राजकीय मीराकन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ.सविता जोशी ने छात्राओं से कहा कि ज्ञान के साथ-साथ अपनी सोच को सकारात्मक बनाकर विकास की दिशा में आगे बढ़े। वे शनिवार को कॉलेज में कॉलेज शिक्षा निदेशालय के निर्देश पर युवा विकास केंद्र के शुभारंभ पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आत्म विश्वास के साथ आंतरिक बाह्य विकास की ओर अग्रसर होने के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।
केंद्र प्रभारी डॉ. प्रियम्वदा तिलक ने केंद्र के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कॉलेज में समय-समय पर जीवन कौशल आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तकनीकी सत्र में बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच मेनेजर के. के. गौतम ने बैंक के क्षेत्र में विविध अवसर तथा बीमा, वित्त के क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार संबंधित जानकारी पावर पाइंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से दी। उन्होंने बैंक में रोजगार के लिए प्रवेश परीक्षाओं की सरल प्रक्रिया,इंश्योरेंस से अवगत कराते हुए बीमा लोन संबंधी प्रश्नों का समाधान किया। द्वितीय सत्र में एन.आई.आई.टी. के शांतनु कुमार ने कैरियर प्लानिंग के विषय पर कहा कि किसी भी कंपनी अथवा क्षेत्र में प्रवेश करते समय नवीन जानकारियां, वाक क्षमता जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने तकनीकी युग में कंप्यूटर ज्ञान, वेब साइट का निरंतर अवलोकन कंपनियों में भर्ती के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में कॉलेज के उपाचार्य रामेश्वर आमेटा,प्लेसमेंट सेल प्रभारी डॉ. मधु अग्रवाल युवा विकास केन्द्र की पंजीकृत 200 छात्राएं मौजूद थी। कार्यक्रम का संचालन हर्षिता चौबिसा ने किया।