उदयपुर. ओवरलोडिंगपर हो रही कार्रवाई रोकने और अंडरलोडिंग रेती के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर उदयपुर रेती ट्रक यूनियन पदाधिकारियों ने गुरुवार को कलेक्टर आशुतोष पेडणेकर से मुलाकात की। कलेक्टर संबंधित अधिकारियों से फीडबैक लेकर शुक्रवार शाम को फिर से चर्चा करेंगे। यूनियन अध्यक्ष अंतोष चौधरी ने कलेक्टर को बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की पालना के लिए अन्य जिलों के ट्रांसपोर्टर और बजरी पट्टाधारक की मिलीभगत से अधिक वजन पर बजरी लाई जा रही है।
कलेक्टर शुक्रवार शाम 4 बजे इस मुद्दे पर वार्ता करेंगे। यूनियन के पक्ष में निर्णय नहीं होने पर बजरी कारोबार ठप रखकर हड़ताल जारी रखी जाएगी। गौरतलब है कि बजरी कारोबार चार दिन से ठप होने का नतीजा है कि शहर आसपास हो रही कंस्ट्रक्शन प्रभावित होने लगे हैं। उपलब्ध स्टाक का व्यापारी तीन गुणा तक दाम वसूल रहे हैं।
स्थानीयबजरी खनन में लगेगा समय : बजरीखनन पर हाल ही सरकार ने रोक हटाई थी, लेकिन अभी अधिसूचना जारी नहीं हुई है। इससे बजरी खनन में समय लगेगा। बाहरी जिलों से ही बजरी परिवहन करनी पड़ती है, लेकिन हड़ताल के चलते बाहरी जिलों से बजरी परिवहन पूरी तरह बंद है। हड़ताल चौथे दिन जारी रहने से शहर में कई मकान, बिल्डिंग आदि के निर्माण कार्य रुक पड़े रहे।