- Hindi News
- लूट को पुलिस ने कर लिया धमकाने में दर्ज, अब हो रहा धारा में परिवर्तन
लूट को पुलिस ने कर लिया धमकाने में दर्ज, अब हो रहा धारा में परिवर्तन
उदयपुर| चांदीके आइटम का कार्टन लूट का मामला सूरजपोल पुलिस ने धमकाकर एंठने (एक्सटारसन) वाली धारा में दर्ज कर लिया गया। डीएसपी की जांच में वारदात लूट की सामने आने पर एसपी ने मामले में धारा लूट की जोड़ने के थानाधिकारी को निर्देश दिए हैं।
शिवाजीनगर निवासी लाखा राम पुत्र प्रागाजी प्रजापत जयंतीलाल प्रवीण कुमार एंड कंपनी में काम करता है। 10 सितंबर को उदियापोल के पास तीन पार्सल के कार्टून ट्रेवल्स से लेकर गाड़ी में रख रहा था। उस दौरान बाइक पर आए दो बदमाश लाखा राम की गाड़ी को गिरा एक कार्टून लूटकर ले गए थे। पुलिस के अनुसार इस कार्टून में करीब 5 किलो चांदी के आइटम थे। इसे सूरजपोल पुलिस ने एक्सटारसन की धारा में दर्ज कर लिया था। डीएसपी गोवर्धनलाल ने बताया कि एफआईआर में लूट होना साबित हुआ है, लेकिन थाना पुलिस ने पूरी बात नहीं समझकर मामला धमकाकर रुपए एंठने (एक्सटारसन) के तहत दर्ज कर लिया था। दो दिन बाद मामला सामने आने पर एफआईआर की जांच की गई और इसमें लूट की धारा जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। इधर, थानाधिकारी ने बताया कि प्रार्थी के बताए गए हालात पर धारा जोड़ी थी। बयानों और तफ्तीश में लूट स्पष्ट होती है तो वह धारा भी जोड़ देंगे।