पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • एलएफडी से टीचिंग, बच्चों के पास होंगे लैपटॉप

एलएफडी से टीचिंग, बच्चों के पास होंगे लैपटॉप

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उदयपुर. जवाहर नवोदय विद्यालय में छठी से दसवीं तक के बच्चों की हाईटेक क्लास लगेगी। हिंदी सहित अंग्रेजी, सामाजिक विज्ञान, गणित विज्ञान के पाठ एलएफडी (लार्ज फॉर्मेट डिस्प्ले) के माध्यम से समझाए जाएंगे। बच्चों के पास लैपटॉप होंगे, वे आधुनिक टेक्नोलॉजी से समझेंगे। उदयपुर जिले के नवोदय सहित देशभर के सौ नवोदय स्कूलों में आधुनिक तकनीक से पढ़ाई के लिए लैपटॉप संसाधनों की व्यवस्था सैमसंग इंडिया द्वारा जुटाई गई है।

यह होगा फायदा

टेक्नोलॉजी के इस युग में हाईटेक क्लास से जिले के आदिवासी क्षेत्र के बच्चों के ज्ञान का विकास होगा। वे नई तकनीक से रुबरु हो पाएंगे। किताबों से हटकर लैपटॉप के माध्यम से पढ़ाई में बच्चों को आसानी रहेगी। अध्यापकों को भी अपडेट रहने में सहायता मिलेगी। वे आधुनिक शिक्षा पद्धति से पढ़ा पाएंगे।

ऐसी बनाई है स्मार्ट क्लास

हाईटेक टिचिंग के लिए चयनित नवोदय स्कूलों में लैब बनाई है। मावली नवोदय विद्यालय की लैब को वाईफाई किया है। इसमें 41 लैपटॉप लगाए हैं। क्लास में एक बार 40 बच्चे साथ बैठकर पढ़ाई कर सकेंगे। क्लास में 55 इंच की एलएफडी लगाई गई है।

जवाहर नवोदय विद्यालयों के जयपुर रिजन में आने वाले उदयपुर सहित कोटा, बाडमेर, अलवर, राजसमंद, बीकानेर, झुंझुनू हरियाणा के यमुनानगर के नवोदय स्कूलों के स्टाफ का प्रशिक्षण सोमवार को मावली नवोदय में शुरू हुआ। प्रशिक्षण मंगलवार को भी चलेगा। प्रशिक्षण सैमसंग इंडिया गुड़गांव के ट्रेनर जय कुमार, हिमांशु हर्ष द्वारा दिया जा रहा है। सैमसंग स्मार्ट कक्षा-कक्ष का उद्घाटन कलेक्टर आशुतोष ए.टी. पेंडणेकर ने किया।

प्राचार्य आर. के. रावल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान उपखंड अधिकारी उतमसिह बतौर अतिथि उपस्थित थे। संचालन अंग्रेजी की व्याख्याता संजू जोशी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन वाइस प्रिंसीपल गणेशकुमार टीवी ने जताया। कलेक्टर ने सभी प्रिंसीपल से प्रशिक्षण के बाद अपने-अपने स्कूलों में स्मार्ट क्लास को निर्बाध रूप से चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसी क्लास से बच्चे टेक्नोलॉजी से जुड़ पाएंगे।

ऐसे पढ़ाएंगे

हाईटेक क्लास में 40 बच्चे लैपटॉप से पढ़ाई कर सकेंगे। सभी लैपटॉप और एलएफडी में छठी से दसवीं तक के सभी विषयों के चैप्टर डाउनलोड किए हैं। इसके लिए अलग से एक साॅफ्टवेयर बनाया है।