उदयपुर. गुलाब बाग जू में वन्यजीवों की सुरक्षा एवं दर्शकों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगाए गए सभी 13 सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं। ये कैमरे वन्यजीवों से छेड़खानी और खाने की वस्तुएं खिलाने की गतिविधियों पर नजर रखने के मकसद से लगाए गए थे। दो दिन पूर्व दिल्ली के जू में हुई घटना के बाद भास्कर ने जू की पड़ताल की तो पता चला कि बीते माह तक 8 कैमरे चालू थे, लेकिन बिजली गिरने से सभी कैमरे केबल लाइन जल गई। अब जू में एक भी कैमरा चालू नहीं है। नए कैमरे मंगवाए जा चुके हैं, लेकिन लगाए नहीं गए हैं। गौरतलब है कि जू में पैंथर, भेड़िया, हायना, इमू, मगरमच्छ, फ्लेमिंगो और पक्षियों वाले पिंजरों के अलावा जू के प्रवेश द्वार और बीच-बीच सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। कई दर्शक वन्यजीवों को परेशान करने से बाज नहीं आते।
7 दिन में ठीक करवा देंगे : सीसीएफ
जू में कैमरे वन्यजीवों दर्शकों पर नजर रखने के लिए लगाए गए थे। कैमरे बंद पड़े है, इसकी जानकारी मुझे आज मिली है। एक सप्ताह में इन्हें ठीक करवा चालू करवाएंगे। राहुलभटनागर, मुख्यवन संरक्षक (वन्यजीव)
फोटो- हिरण के पिंंजरे में हाथ डालता पर्यटक।