उदयपुर. शहर में सूरजपोल क्षेत्र की एक होटल के बाथरूम में बेल्जियम से आए पर्यटक का शव मिला। ग्रुप में साथ आए सदस्यों ने बताया कि उसे सांस की बीमारी थी। दवाइयां भी चल रही थी। पुलिस ने शव को मुर्दाघर में रखवाकर एंबेसी को सूचना दे दी है। सूरजपोल एसएचओ रमेश कुमार ने बताया कि ये सात पर्यटक भट्टीयानी चोहट्टा स्थित होटल कुंभा पैलेस में ठहरे हुए थे।
डी चैनब बल्ड (36) की तबीयत सोमवार से ही खराब थी। मंगलवार को छह पर्यटक घूमने चले गए जबकि चैनब होटल में ही ठहर गया। साथी शाम को लौटे तो उसका शव बाथरूम में पड़ा हुआ था। कमरे की टेबल पर उसकी दवाइयां रखी हुई थी। साथियों ने होटल सूरजपोल थाने में सूचना दी।
एंबेसी से क्लीयरेंस मिलने के बाद परिजन उदयपुर आएंगे। इस प्रक्रिया में तीन से चार दिन तक लग सकते हैं। परिजनों के उदयपुर पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम किया जाएगा। तब तक शव एमबी अस्पताल के मुर्दाघर में ही रखा जाएगा।