पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • स्वरोजगार के लिए फारमर्स क्लब को बैंकों से ऋण दिलाएगा प्रशासन

स्वरोजगार के लिए फारमर्स क्लब को बैंकों से ऋण दिलाएगा प्रशासन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
किसानपरिवार के बेरोजगार युवकों को उनकी पसंद का स्वरोजगार शुरू कराने के लिए बैंकों से लोन दिलाने में प्रशासन मध्यस्थता की भूमिका निभाएगा। पंचायतों में फारमर्स क्लब बना कर ऋण के आवेदन लिए जाएंगे, जिन पर गारंटी की मुहर प्रशासन की लगेगी। प्रशासन की गारंटी पर बेरोजगार किसान युवकों को लोन दिया जाएगा।

इसे लेकर कलेक्टर आशुतोष पेडणेकर ने मंगलवार को राजस्थान आजीविका मिशन के तहत बैंक प्रबंधकों तथा अधिकारियों की बैठक जिला परिषद सभागार में ली। बैठक में जिले के कृषि, पशु पालन, बागवानी मत्स्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने बताया कि पंचायत स्तर पर किसान परिवार के युवकों के क्लब बनवाए जाएंगे। इन क्लबों का अनुमोदन कृषि विभाग करेगा। महाराणा प्रताप कृषि विवि तथा किसान विकास केंद्रों की भी इसमें भूमिका होगी।

कृषि विभाग के अधिकारी फारमर्स क्लब के सदस्यों से आवेदन भरवाएंगे। किसान युवक सब्जी उत्पादन, आयुर्वेदिक औषधि उत्पादन, पोल्ट्री फार्म, डेयरी, गोबर गैस प्लांट, मछली पालन, मुर्गी पालन आदि कामों में से स्वरुचि के जो व्यवसाय करना चाहेंगे उनके आवेदन कृषि अधिकारी बैंकों तक पहुंचाएंगे। अक्टूबर में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में ब्लॉक स्तरीय शिविर लगा कर ऋण वितरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी। ऋण लेने वाले युवकों को सब्सिडी दी जाएगी।