उदयपुर. ओवर लोडिंग पर आरटीओ-पुलिस की कार्रवाई के विरोध में बजरी परिवहन करने वाले ट्रक एवं ट्रैक्टर ऑपरेटर्स ने अनिश्चतकालीन बजरी परिवहन ठप कर दिया। मंगलवार को लगातार दूसरे दिन उदयपुर शह में 450 ट्रक ऑपरेटर और 150 ट्रैक्टर ऑपरेटर्स ने बजरी का परिवहन नहीं किया। बजरी के बाजार में नहीं आने से भवन निर्माण करने वालों को परेशानी उठानी पड़ी।
ट्रक एवं ट्रैक्टर यूनियन के कार्यवाहक अध्यक्ष अंतोष चौधरी ने बताया कि लगातार दूसरे दिन बजरी का परिवहन नहीं होने से एक बार पुन: भवन निर्माण ठप हो गया है। सरकार बजरी परिवहन करने वालों के साथ सौतेला व्यवहार करने पर आमदा है। बजरी परिवहन कार्य से प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोग जुड़े है। निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण बजरी को लेकर जब तक सरकार स्तर पर हित में निर्णय नहीं लिया जाता कोई ट्रक और ट्रैक्टर बजरी की सप्लाई नहीं करेगा। बजरी परिवहन से जुड़े ऑपरेटरों ने कहा कि अन्य स्टेट से बजरी लाई जाती है है तो उसकी रेट बढ़ाई जाए। ओवरलोडिंग के मामले में परिवहन विभाग बजरी परिवहन करने वालों के साथ सौतले व्यवहार से बाज आए।
19 वाहनों के चालान
बजरी ओवर लोडिंग को लेकर प्रादेशिक परिवहन विभाग का चेकिंग अभियान जारी है। अतिरिक्त प्रादेशिक परिवहन अधिकारी प्रकाश राठौड़ ने बताया कि मंगलवार को 19 चालान ओवर लोडिंग के बनाए गए। खरका क्षेत्र से बिना रॉयल्टी परिवहन की जा रही बजरी के ट्रक को पकड़ा गया। खान विभाग द्वारा खननकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया। परिवहन विभाग की उदयपुर में 6, राजसमंद में 3, बांसवाड़ा और डूगंरपुर में 2-2टीम राउंड क्लॉक चेकिंग कर रही है। यह विशेष अभियान 18 सितंबर तक चलेगा।