- Hindi News
- चोरी, लूटपाट पर बाजार बंद कर किया थाने पर प्रदर्शन
चोरी, लूटपाट पर बाजार बंद कर किया थाने पर प्रदर्शन
उदयपुर | उदयसागरचौराहे के व्यापारियों और बिछड़ी भलों का गुड़ा के ग्रामीणों ने सोमवार को बाजार बंद कर प्रतापनगर थाने के बाहर प्रदर्शन किया। क्षेत्र में आए दिन हो रही चोरी, लूटपाट और छेड़छाड़ से परेशान लोगों ने पुलिस से मांग की कि उदयसागर पर सुरक्षा प्रदान करें। भलों का गुड़ा के पूर्व सरपंच नंदलाल वेद ने बताया कि पिछले कई दिनों से उदयसागर पाल पर असामाजिक तत्व पहुंच रहे हैं। वे लोगों के साथ चोरी, लूट और युवतियों के साथ छेड़छाड़ करते हैं। यहां आने वाला टूरिस्ट भी उनसे परेशान है। कई बार मांग करने पर भी यहां पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था नहीं की। इस पर सोमवार को क्षेत्र के व्यापारियों ने सुबह 8 बजे से शाम पांच बजे तक दुकानें बंद रखीं और थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। उन्होंने थानाधिकारी से क्षेत्र में पुलिस गश्त और उदयसागर पाल पर हर समय कांस्टेबल नियुक्ति की मांग की।
उदयपुर . उदयसागरचौराहे का बंद बाजार।