उदयपुर. उदियापोल से हिरणमगरी सेक्टर 3 कुंभानगर को जोड़ने के लिए प्रस्तावित 100 फीट रोड के 20 साल पुराने अवरोध शनिवार को 12 घंटे में हटा दिए गए। यूआईटी सचिव के नेतृत्व में अवाप्त जमीन पर कब्जा लेने की कार्रवाई चली। माली काॅलोनी नोखा क्षेत्र में दुकानें, मकान, बाड़े हटाकर कब्जा लिया।
दो कुएं भराव डाल कर मूंद दिए, खेतों की फसलें और दर्जनों पेड़ धराशायी कर दिए। टेकरी, माली कॉलोनी, गुरु रामदास कॉलोनी तथा नोखा में सुबह 6 से शाम 6 बजे तक कार्रवाई चलती रही। शहर के वर्ष 2000 के मास्टर प्लान के तहत उपनगरीय क्षेत्र हिरणमगरी को मुख्य शहर से जोड़ने के लिए कुंभा नगर से उदियापोल तक 100 फीट रोड प्रस्तावित थी, लेकिन दो दशक बाद भी अवाप्ति और कब्जा लेने की कार्रवाई अटकी हुई थी।
आगे क्या : 1.4 किमी तक जल्द बनेगा रोड
सतोरियानाला से नोखा, माली कॉलोनी मेन रोड तक 1040 मीटर रोड बनेगा। दो करोड़ 10 लाख रुपए बजट के साथ टेंडर, वर्क ऑर्डर हो चुके हैं। रोड के बीच 4 फीट चौड़ा मीडियन रहेगा। दक्षिणी भाग से नाला निकलेगा। माली कॉलोनी मेन रोड से आरसीए होते हुए जेसी बॉस हाॅस्टल तक 700 मीटर की अवाप्ति के प्रयास जारी हैं। सबसिटी सेंटर रोड से भी जुड़ेगा यह रोड।
मौजूदा स्थिति
सेक्टर 3 से सतोरिया नाले तक 450 मीटर तक पहले से बनी 100 फीट रोड।
जेसी बॉस हॉस्टल से सेक्टर 3 तक प्रस्तावित है कुल 2.2 किमी लंबी रोड।