- Hindi News
- हाथों में मेहंदी, सिर पर सेहरे गाजे बाजे से निकली बिंदोली
हाथों में मेहंदी, सिर पर सेहरे गाजे-बाजे से निकली बिंदोली
नारायणसेवा संस्थान की ओर से 23वें निशुल्क निशक्तजन सामूहिक विवाह समारोह की शुरुआत शनिवार को हुई। इसके तहत सुबह मेहंदी की रस्म हुई, जबकि शाम को शहर में सभी 51 जोड़ों की बिंदोली निकाली गई। रविवार को पाणिग्रहण के दौरान राज्यपाल कल्याणसिंह बतौर अतिथि शामिल होंगे।
यहां टाउन हॉल से बिंदोली गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई। अगुवाई संस्थान अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल, निदेशक वंदना अग्रवाल तथा अतिथियों ने की। सूरजपोल, बापू बाजार, अश्विनी बाजार, हाथीपोल होते हुए बिंदोली चेतक सर्कल स्थित मोहता पार्क पहुंची, जहां से वर-वधुओं, परिजनों एवं अतिथियों को वाहनों से बड़ी स्थित सेवा महातीर्थ ले जाया गया। इससे पूर्व सुबह संस्थान परिसर में विनायक पूजा के साथ दो दिवसीय 23वां निशुल्क निशक्तजन एवं निर्धन सर्वधर्म सामूहिक विवाह समारोह शुरू हुआ। नई दिल्ली से आई रिया ग्रुप की नृत्य प्रस्तुतियों के बीच सभी दुल्हनों की मेहंदी की रस्म पूरी की गई। इस मौके पर संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष कैलाश मानव ने भामाशाहों का सम्मान किया। विशिष्ट अतिथि राजकोट के जयंती भाई, मथुरा के दिलीप वर्मा, मुंबई से रानी दुलानी, नई दिल्ली के प्रेम निजावन, हैदराबाद से अलका चौधरी, सुभाष मंगलम, किशोरी भाई जशोदा बेन थे। शनिवार सुबह सवा नौ बजे शादी की अन्य रस्मों के साथ पाणिग्रहण शुरू होगा। एक मुस्लिम जोड़े का निकाह भी पढ़ाया जाएगा।
बनेंगे एक-दूजे के साथी... बिंदाेली से पहले नगर निगम परिसर में जुटे निशक्त जोड़े। फोटो: भास्कर
नगर निगम से निकलती निशक्त दूल्हा-दुल्हन की बिंदोली। फोटो: भास्कर