- Hindi News
- कॉलेजों में स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र स्थापित हों : प्रो. त्रिवेदी
कॉलेजों में स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र स्थापित हों : प्रो. त्रिवेदी
उदयपुर| सुखाड़ियाविश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आई.वी. त्रिवेदी ने कहा कि महाविद्यालयों में स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र स्थापित करने चाहिए। छात्र-छात्राअों को नियमित पाठ्यक्रम के साथ व्यावसायिक मार्गदर्शन भी देना चाहिए। इससे वे स्वरोजगार के लिए प्रेरित होंगे।
प्रो. त्रिवेदी शनिवार को भू-विज्ञान विभाग सभागार में उद्यमिता विकास प्रकोष्ठ की ओर से दो सप्ताह के संकाय विकास प्रशिक्षण के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विभिन्न क्षेत्रों में स्वरोजगार की संभावनाएं बढ़ती जा रही हैं। युवाओं को इसका लाभ उठाना चाहिए। विवि आगामी कुछ दिनों में कौशल विकास प्रशिक्षणों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वरोजगार अपनाने को प्रेरित करेगा, जिसकी व्यापक कार्ययोजना बनाई जा रही है। प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. विनोद अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग एवं उद्यमिता विकास संस्थान (अहमदाबाद) के सहयोग से यह प्रशिक्षण कार्यक्रम रखा गया। इसमें 30 कॉलेजों के संकाय सदस्यों को प्रशिक्षण, व्यावसायिक मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षित संकाय सदस्य अपने कॉलेजों में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देंगे। विभागाध्यक्ष प्रो. टी.के. पंड्या ने भी विचार रखे। प्रो. त्रिवेदी ने महाराजा ग्रुप आफ कॉलेज की डीन प्रो. उर्मिला शर्मा की संपादित वुमन वर्ल्ड पत्रिका के दूसरे संस्करण का विमोचन भी किया।