- Hindi News
- टीएसपी में मांगा 73 प्रतिशत आरक्षण का हक
टीएसपी में मांगा 73 प्रतिशत आरक्षण का हक
आदिवासीआरक्षण मंच ने जनजाति के लोगों को टीएसपी क्षेत्र में 73 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर सोमवार को शहरभर में रैली निकाली और संभागीय आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। एक माह में मांग अनुसार लाभ नहीं मिलने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
आरक्षण बढ़ाने की मांग को लेकर सैकड़ों युवा आदिवासी रेती स्टैण्ड पर एकत्रित हुए। आरक्षण बढ़ाने सहित अन्य मांगों को लेकर लिखी तख्तियां हाथों में लिए ढोल मंजीरे बजाते हुए नारेबाजी करते हुए उदियापोल, सूरजपोल, देहलीगेट, कलेक्ट्रेट, चेतक सर्कल होते हुए संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचे। यहां अखिल भारतीय आदिवासी महासभा उपाध्यक्ष मेघराज तावड़ ने कहा कि मौजूदा आरक्षण न्याय संगत नहीं है। राजस्थान आदिवासी संघ के प्रदेशाध्यक्ष भूपत सिंह भगोरा ने कहा कि असंतुलित आरक्षण व्यवस्था से स्थानीय आदिवासियों में निराशा है। इस तरह की व्यवस्था से युवाओं को सरकारी नौकरी में आनुपातिक भागीदारी नहीं मिल रही है। सभा के बाद प्रतिनिधि मंडल संभागीय आयुक्त भवानीसिंह देथा से मिला। यहां उन्हें सरकार तक मामला पहुंचाने का आश्वासन दिया गया।
उदयपुर. टीएसपीक्षेत्र में आदिवासियों को 73 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर सोमवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते आदिवासी युवा। -भास्कर