- Hindi News
- फोरलेन पर आधे घंटे में दो ट्रक चालकों से लूट
फोरलेन पर आधे घंटे में दो ट्रक चालकों से लूट
क्राइम रिपोर्टर | चित्तौड़गढ़
जिलेमें नेशनल हाईवे फोरलेन मार्गों पर रात के समय भारी वाहनों से लूट की वारदातें बढ़ गई है। चित्तौडगढ़-भीलवाड़ा मार्ग पर सोमवार रात लूट की दो वारदातें हुई। उदयपुर जिले का कानोड़ निवासी मोहन पुत्र छतरा मीणा खलासी के साथ सोमवार रात 11 बजे विमल गुटखे से भरा ट्रेलर लेकर सूरत से भीलवाड़ा जा रहा था। कपासन मार्ग पुल ईनानी मार्बल प्लांट के बीच वह शौच के लिए ट्रेलर को रोक कर नीचे उतरा। इसी दौरान तीन-चार बदमाश दौड़ते हुए पहुंचे और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मोहन के अनुसार बदमाशों ने मारपीट कर उससे साढ़े दस हजार रुपए की नकदी छीन ली और कान में पहने सोने के टाप्स उतरवा लिए। करीब आधा घंटे बाद कुछ ही दूरी पर झुंझुनूं जिले के थाना गुडा क्षेत्र के सेथल निवासी नरेंद्र पुत्र सागर जाट रोहिताश पुत्र दाताराम जाट महाराष्ट्र से कपड़े की गांठे लेकर भीलवाड़ा की ओर जा रहा था। तभी एक बोलेरो से पीछा करते हुए पांच बदमाश पहुंचे और ट्रक को रुकवाया। नरेंद्र के साथ भी मारपीट कर धमकियां देते हुए बदमाश 13 हजार रुपए छीनकर ले गए।