उदयपुर. बेड़वास में जमीन को लेकर हुए झगड़े में भू व्यवसायी की हत्या के लिए सुपारी लेने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने सेक्टर 4 में गिरफ्तार किया। इनके पास से देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
एडिशनल एसपी (शहर) डाॅ. राजेश भारद्वाज ने बताया कि सूरजपोल थाने का हिस्ट्रीशीटर किशनपोल निवासी शराफत उर्फ कालू कबाड़ी और कोटा के गुमानपुरा निवासी सूरज कश्यप को गिरफ्तार किया गया है। दोनों वैशाली अपार्टमेंट निवासी प्रोपर्टी व्यवसायी ललित जैन की हत्या की फिराक में थे। कालू को पहचानने वाले मुखबीर ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। स्पेशल टास्क फोर्स प्रभारी गोवर्धन सिंह भाटी हिरणमगरी पुलिस प्रभारी छगन राजपुरोहित के नेतृत्व में टीमों ने घेराबंदी की। पुलिस को देख दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें दबोच लिया।
इनके पास से एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ में इन्होंने बताया कि दोनों बेड़वास निवासी कालू सिंह उसके भाई रघुवीर सिंह ने सुपारी दी थी। बेड़वास में एक प्लॉट को लेकर 23 जनवरी को ललित से उनका झगड़ा हुआ था। दोनों ने मिलकर ललित के साथ मारपीट की थी, जिसकी रिपोर्ट प्रतापनगर थाने में दर्ज है। इस विवाद को लेकर ही यह सुपारी दी थी। कालू कबाड़ी के खिलाफ सूरजपोल थाने में 32 मुकदमे दर्ज हैं वहीं सूरज कश्यप के खिलाफ कोटा उदयपुर में मामले विचाराधीन हैं।