उदयपुर. आरएनटी मेडिकल कॉलेज ने 400 नर्सेज की नई सूची शुक्रवार को जारी कर दी। इन्हें 17 दिसंबर तक ज्वाइनिंग देनी होंगी। कॉलेज प्रशासन के अनुसार नई सूची में जीएनएम एवं सीनियर सैकण्डरी दोनों के प्राप्तांकों को जोड़कर मेरिट सूची जारी की गई है। इस भर्ती से कॉलेज से सम्बद्ध बाल चिकित्सालय, जनाना एवं एमबी चिकित्सालय में नर्सों की कमी दूर होगी।
कॉलेज के अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. शलभ शर्मा ने बताया कि नियुक्तियां आवश्यक अस्थायी आधार पर नियमित रूप से अभ्यर्थी नहीं मिलने तक की गई है। इससे पूर्व की सभी नियुक्तियां रद्द कर दी गई हैं। नई सूची कॉलेज वेबसाइट पर उपलब्ध है। गौरतलब है कि पहले कॉलेज प्रशासन ने नर्स भर्ती प्रक्रिया में सिर्फ जीएनएम के प्राप्तांक जोड़े थे और सूची जारी कर दी थी।
सीनियर सेकंडरी के प्राप्तांक नहीं जोड़ने पर आवेदकों ने आपत्तियां उठाते हुए नई सूची जारी कराने की मांग की थी। आवेदकों का कहना था कि नियमों में सीनियर सेकंडरी के प्राप्तांक जोड़े जाने का प्रावधान है। प्रभावी आपत्ति के बाद एक दिन पूर्व गुरुवार कॉलेज को भूल का अहसास हुआ और भर्ती स्थगित करनी पड़ गई थी।
प्रतिभा को मिलेगा मौका
अब प्रतिभावान आवेदकों को इस भर्ती प्रक्रिया में मौका मिल पाएगा। पहले कॉलेज प्रशासन की भूल से सीनियर सेकंडरी के प्राप्तांक नहीं जोड़े गए थे, जिससे कई प्रतिभावान अभ्यर्थी वंचित रह जाते, लेकिन अब उन्हें मौका मिल पाएगा। हेमंतआमेटा, अध्यक्ष,राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन