प्राधिकरण मुख्यालय के लिए लिखा पत्र
झीलविकास प्राधिकरण का मुख्यालय उदयपुर में बनाने को लेकर नगर निगम ने स्वायत्त शासन विभाग के माध्यम से सरकार को पत्र लिखकर आग्रह किया है। मेयर चंद्रसिंह कोठारी ने पत्र में आग्रह किया है कि प्रदेश की अधिकांश झीलें उदयपुर संभाग में स्थित है। पीछोला, फतहसागर, जयसमंद, राजसमंद, उदयसागर सहित कई विख्यात झीलें भी उदयपुर संभाग में स्थित है। इसके अलावा छोटी बड़ी अन्य कई झीलें भी संभाग में हैं। ऐसे में मुख्यालय के लिए उदयपुर संभाग सबसे सटीक रहेगा। मेयर ने बताया कि उदयपुर का मजबूत हक बनता है कि झील विकास प्राधिकरण का मुख्यालय उदयपुर में हो और इस हक के लिए मजबूत पैरवी करने में निगम की ओर से कोई कमी नहीं रहेगी। प्राधिकरण मुख्यालय के लिए निगम की ओर से जो भी सहुलियतें चाही जाएंगी वो उपलब्ध करवाई जाएगी।
झीलहितैषी नागरिक मंच ने चीफ सेक्रेट्री को भेजा पत्र : झीलहितैषी नागरिक मंच ने झील विकास प्राधिकरण का मुख्यालय उदयपुर में खोलने को लेकर चीफ सेक्रेट्री को पत्र भेजा है। मंच के संस्थापक हाजी सरदार मोहम्मद ने पत्र मेंं लिखा है कि प्राधिकरण का मुख्यालय उदयपुर में बनता है तो झीलों के साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिल सकेगा। गौरतलब है कि झील हितैषी नागरिक मंच के सदस्य साप्ताहिक अभियान के तहत पिछले दस साल से झीलों की सफाई कर रहे हैं। इसमें कई सीनियर सिटीजन, सेवानिवृत अधिकारी शिक्षाविद् भी शामिल हैं।