पेंशनरों ने याद दिलाईं मांगें
उदयपुर| पेंशनर्सकी विभिन्न समस्याओं को लेकर पेंशनर समाज ने सोमवार को ध्यानाकर्षण दिवस मनाया। राजस्थान पेंशनर समाज के आह्वान पर प्रदेशभर में पेंशनर इकाइयों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिए। उदयपुर इकाई अध्यक्ष भंवर सेठ ने बताया कि 15 सूत्री मांगों को लेकर सुबह 11.30 बजे एडीएम सिटी को ज्ञापन देकर मांगें रखी गई। ज्ञापन के माध्यम से जुलाई 2013 से पूर्व सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग में रही विसंगतियों का लाभ दिए जाने, न्यूनतम पारिवारिक पेंशन 3500 रुपए किए जाने, 28 वर्ष की अर्हकारी सेवा पर पूरी पेंशन दी जाने, रोडवेज में स्मार्ट कार्ड की बाध्यता खत्म करने, मान्यता प्राप्त निजी हॉस्पिटल में जांच उपचार की दरों को पेंशनर के लिए अलग से निर्धारित की जाने, राज्य के बाहर अस्पतालों में रेफर कराने की बाध्यता समाप्त की जाने, वयोवृद्ध पेंशनरों के उपचार के लिए आर्थिक सीमा नहीं रखने, पेंशनरों को उपभोक्ता भंडार से हर संभव दवाएं उपलब्ध कराई जाने की मांगें रखी गईं। ज्ञापन देने वालों संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण चंद्र श्रीमाली, उपाध्यक्ष बलदेव अरोड़ा, जिला मंत्री बाबूलाल जैन, सोहन पुरोहित, शांतिलाल नलवाया, भंवर सिंह राठौड़, जगदीश शर्मा आदि शामिल थे।