उदयपुर. सहेली नगर में जन विरोध के बीच रविवार मध्यरात्रि रिलायंस कंपनी ने
मोबाइल टावर लगवा दिया। सुबह क्षेत्र के लोगों ने विरोध उग्र करते हुए फतहपुरा मार्ग पर जाम लगा दिया। आक्रोश को देखते हुए नगर निगम आयुक्त ने मोबाइल टावर की स्वीकृति निरस्त कर दी है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र में रिलायंस कंपनी को मोबाइल टावर लगाने की स्वीकृति देने का क्षेत्रवासी विरोध कर रहे थे। इस विरोध के बीच रात 1 बजे रिलायंस कंपनी के तकनीकी अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिक सहेली नगर एप्रोच रोड पर ट्रकों तथा वाहनों में सामान लेकर पहुंचे। रातों रात मेन रोड पर 150 फीट ऊंचा टावर खड़ा कर दिया गया। सुबह सहेली नगर वाशिंदों ने टावर लगा देख विरोध शुरू कर दिया।
एडवोकेट अजेश सेठी, आर्किटेक्ट बी.एल.मंत्री, प्रशांत श्रीमाली, पंकज परिहार सहेली नगर विकास समिति के सचिव राजेश मूंदड़ा ने कॉलोनी वासियों और महिलाओं के साथ रोड पर बैठकर फतहपुरा-सहेली मार्ग पर आवागमन रोक दिया। क्षेत्रीय पार्षद कविता मोदी भी धरना स्थल पर पहुंचीं।
इस विरोध के बीच रिलायंस कंपनी का एक अधिकारी मौके पर पहुंचा और नगर निगम से टावर लगाने का अनुमति पत्र दिखाने लगा। इस पर लोगों में आक्रोश भड़क गया। कॉलोनीवासियों ने नगर निगम पहुंचकर आयुक्त हिम्मत सिंह बारहठ के समक्ष विरोध जताया। इस बीच आयुक्त ने टावर लगाने की अनुमति निरस्त करने के हाथों हाथ आदेश जारी कर दिए।
फोटो- सहेली नगर के बाहर लगे 4जी के टॉवर के विरोध में प्रदर्शन करते क्षेत्रवासी।