उदयपुर. नवरात्रि महोत्सव के चौथे दिन शनिवार को भी आयोजनों का दौर जारी रहा। सुबह से शाम तक शक्तिपीठों पर भक्तों की आवाजाही के साथ ही शाम को पांडालों में गरबा की धूम चल रही है। आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं, बच्चों की भागीदारी बनी हुई है।
शहर के प्रमुख शक्तिपीठ अंबामाता मंदिर, नीमज माता द्वार के आसपास गरबा आयोजनों के साथ ही तमाम गली-मोहल्लों में आयोजन हो रहे हैं। प्रमुख आयोजन स्थल जगदीश चौक, सुथारवाड़ा, घंटाघर, यूनिवर्सिटी रोड, आयड़ सुथारवाड़ा, सेक्टर तीन पार्क, गोवर्धन विलास, मल्लातलाई आदि तमाम क्षेत्रों में आयोजनों की धूम जारी है। सुथारवाड़ा मित्र मंडल की ओर से शनिवार को विशेष पांडाल सजाया गया।
एकल नृत्य सामूहिक नृत्य : पुरोहितों की मादड़ी रोड नंबर 4 लक्ष्मी नगर में श्री लक्ष्मीनारायण युवा परिषद पाणुंद परशुराम गरबा मण्डल द्वारा आयोजन जारी है। संयोजक गणेश लाल औदिच्य ने बताया कि यहां एकल सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता हुई। एकल नृत्य में प्रथम सपना औदिच्य सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में द्रोपदी, लक्ष्मी, दिव्या, लविशा ग्रुप प्रथम रहा। झमक लाल औदिच्य ने बताया कि सुन्दरकाण्ड पाठ भजन प्रस्तुतियों का दौर भी चला।
जमकर किया गरबा: रोटरी क्लब उदयपुर की ओर से रोटरी बजाज भवन में आयोजित गरबा महोत्सव में सदस्यों ने जमकर गरबा किया। क्लब अध्यक्ष डॉ.बी.एल.सिरोया ने बताया कि प्रतिदिन अलग-अलग रंग की ड्रेस कोड पर आधारित वेशभूषा में सदस्यों द्वारा गरबा किया जा रहा है। इधर, लायंस क्लब अंतरराष्ट्रीय प्रांत 323-ई-2 की आेर से शोभागपुरा सर्कल स्थित रॉयल राजविलास वाटिका में डांडिया रास का आयोजन हुआ।
गरबा नृत्य प्रतियोगिता: राजस्थान महिला परिषद बालिका सीनियर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को गरबा नृत्य प्रतियोगिता हुई। संस्था अध्यक्ष चंद्रकांता त्रिवेदी एवं संस्था निदेशक किशन त्रिवेदी ने प्रतियोगिता में विजेता रही छात्राओं को पुरस्कृत किया।
डांडिया पर थिरके छात्र
विट्टीइंटर नेशनल स्कूल में शनिवार को गरबा महोत्सव के उपलक्ष्य में ‘विट्टी डांडिया मस्ती’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ उनके अभिभावकों ने उत्साह उमंग के साथ बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और डांडिया पर थिरके। कार्यक्रम के अंत में ‘डांडिया सजावट प्रतियोगिता’ के विजेताओं को प्राचार्या शुभा गोविल ने पुरस्कार दिए।