- Hindi News
- न्यूनतम पेंशन वाले तीन हजार पेंशनर पाएंगे सम्मान, समारोह 30 को
न्यूनतम पेंशन वाले तीन हजार पेंशनर पाएंगे सम्मान, समारोह 30 को
उदयपुर. कर्मचारीभविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) की ओर से मंगलवार को देशभर के क्षेत्रीय कार्यालयों में सम्मान समारोह होंगे। इनमें उन पेंशनरों का सम्मान होगा, जिनकी मासिक पेंशन बहुत कम थी, जो हाल ही बढ़कर न्यूनतम 1000 रुपए हुई है। उदयपुर सहित प्रदेश के क्षेत्रीय कार्यालयों में 3000 पेंशनरों का सम्मान होगा। उदयपुर कार्यालय में सबसे कम पेंशन पाने वाले 250 पेंशनर्स को बुलाया गया है। क्षेत्रीय आयुक्त अरुण कुमार ने बताया कि प्रदेशभर में 1000 से कम पेंशन पाने वाले करीब एक लाख पेंशनर हैं, जिनमें से 14 हजार उदयपुर क्षेत्र के हैं। देशभर में 32 लाख पेंशनर इस श्रेणी में आते हैं। इसी महीने से न्यूनतम पेंशन 1000 रुपए लागू हुई। ऐसे में देशभर में समारोह के माध्यम से ऐसे पेंशनरों का सम्मान किया जाएगा। देशभर में प्रदेशस्तरीय दफ्तरों में होने वाले आयोजनों में केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी रहेगी। क्षेत्रीय कार्यालय में मंगलवार सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक समस्या समाधान शिविर लगेगा, जिसमें पेंशन से जुड़ी समस्याएं सुनी जाएगी। दोपहर 3 से 5.30 बजे समारोह होगा।
तीनपेंशनर पाते हैं 100 रु. से भी कम पेंशन : उदयपुरक्षेत्रीय कार्यालय के अधीन तीन पेंशन ऐसे हैं, जो 100 रुपए से भी कम मासिक पेंशन पाते रहे हैं। गंगापुर के हिरण मोहल्ला निवासी धर्मदेव को 55 रुपए मासिक, श्री निकेतन निवासी कैलाश चंद्र शर्मा को 92 रुपए मासिक और खरबड़ (हमीरगढ़, भीलवाड़ा) के बिलिया कला निवासी तेजसिंह पुरावत को 97 रुपए मासिक पेंशन मिलती है। उदयपुर के 26 हजार पेंशनरों में से सबसे कम पेंशन पाने वाले इन तीनों पेंशनरों को विशिष्ट सम्मान के लिए बुलाया गया है।