- Hindi News
- स्थायीकरण के लिए शिक्षक संघ का प्रदर्शन 26 को
स्थायीकरण के लिए शिक्षक संघ का प्रदर्शन 26 को
शैक्षिक सम्मेलन की तारीख बदलने से रोष
पंचायतीराज विभाग में दो साल पहले हुई तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा परिणाम का खामियाजा राज्य के 33 हजार और जिले के डेढ़ हजार शिक्षक भुगत रहे हैं। इसके विरोध में राजस्थान राज पंचायती शिक्षक संघ 26 सितंबर को प्रदर्शन करेगा।
जानकारी के अनुसार जिला परिषद द्वारा तृतीय श्रेणी भर्ती परीक्षा सितंबर 2012 में कराई थी। इसमें दो साल पहले नियुक्ति ले चुके शिक्षक परिणाम में त्रुटियों की वजह और अदालत में विचाराधीन मामलों के कारण स्थाई नहीं हो पाए हैं। इनमें से जिले के 100 शिक्षकों का चयन द्वितीय श्रेणी विषयाध्यापक के रूप में आरपीएससी द्वारा घोषित परिणामों में हुआ है। स्थायीकरण के अभाव में इन शिक्षकों को द्वितीय श्रेणी में भी दो वर्ष तक 13050 स्थायी वेतन पर सेवा देनी पड़ेगी। राजस्थान पंचायती राज शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शेर सिंह चौहान ने बताया कि इन शिक्षकों को कोई संतोषप्रद जवाब नहीं मिल रहा है।
अनापत्ति प्रमाण पत्रों को आरपीएससी कार्यालय में जमा कराने की अंतिम दिनांक 30 सितंबर है। इसके अभाव में चयनित शिक्षकों काे दो वर्ष की वरिष्ठता का भी नुकसान होगा। स्थायीकरण, अनुभव अनापत्ति प्रमाण पत्रों की समस्या समाधान की मांग को लेकर 26 सितंबर को सुबह 11 बजे जिला कलेक्ट्री पर संघ प्रदर्शन करेगा।