मीसा बंदी- 56को मिली पेंशन
उदयपुर | देशमें आपात काल के दौरान मीसा, डीआईआर के तहत जेल में बंदी रहे उदयपुर के 71 में से 56 बंदियों के पेंशन पेमेंट ऑर्डर बुधवार को जारी हुए। इसके साथ ही मीसा बंदी पेंशनर्स के खातों में पेंशन राशि भी जमा होने लग गई। प्रत्येक पेंशनर के खाते में एरियर और मेडिकल राशि सहित 1 लाख 76 हजार 600 रुपए जमा हुए। पेंशनर्स के 15 केस में अभी तक निर्णय हो सका है। आपातकाल के दौरान 38 साल पहले जेल गए लोगों को पेंशन देने की घोषणा वसुंधरा सरकार ने पिछले साल बजट में की थी। पेंशनर्स को जनवरी 2014 से पेंशन देना स्वीकार किया गया। लोकसभा, स्थानीय निकाय और पंचायतीराज चुनाव के चलते पूरा एक साल गुजर गया, लेकिन पेंशन देने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई।
इस बार की घोषणा में राशि दुगुनी करते हुए 12000 रुपए मासिक पेंशन और 1200 रुपए मेडिकल के दिए जा रहे हैं। राजकीय सेवा में रहे पेंशनर्स मेडिकल की राशि नहीं ले पाएंगे, जबकि बाकी पेंशनर्स को मासिक पेंशन के साथ इसका भुगतान होता रहेगा।