उदयपुर. सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में चल रही परीक्षा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में आवेदन नहीं कर पाए लोगों के लिख खुश खबरी है। ऐसे करीब एक हजार विद्यार्थियों को यूनिवर्सिटी ने एक सप्ताह का समय दिया है, जो रुके रिजल्ट के चलते आवेदन नहीं कर पाए हैं। ऐसे विद्यार्थी 18 दिसंबर तक यूनिवर्सिटी आकर रिजल्ट संबंधी परेशानी दूर करके परीक्षा आवेदन कर सकेंगे। उन्हें अगले 5 दिन का मौका दिया जाएगा।
सुविवि में परीक्षा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का पहला चरण पूरा हो गया, जिसमें बीए प्रथम, द्वितीय तृतीय वर्ष के नियमित स्वयंपाठी विद्यार्थियों ने आवेदन किए थे। प्रक्रिया में करीब एक लाख विद्यार्थियों ने आवेदन किए।
अंतिम दिन उमड़ी भीड़ : बीए प्रथम, द्वितीय तृतीय वर्ष के सभी रेगुलर और स्वयंपाठी विद्यार्थियों के लिए परीक्षा ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बुधवार रात 12 बजे खत्म हो गई। अंतिम दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की पहुंच साइबर कैफे, ई-मित्र पर रही। इधर, ऑनलाइन आवेदन के तुरंत बाद संबंधित कॉलेज में हार्ड कॉपी जमा कराने की प्रक्रिया में सुबह से शाम तक कतारें लगी रहीं। कॉलेज में हार्ड कॉपी गुरुवार तक जमा कराई जा सकेगी।
पीजी : आवेदन आज से
बीएससी, बीकॉम, एलएलबी, बीसीए, एमए, एमकॉम, एमएससी के लिए आवेदन प्रक्रिया गुरुवार को शुरू होकर 18 दिसंबर तक चलेगी। परीक्षा शुल्क जमा कराने की व्यवस्था ई-मित्र, नेट बैंकिंग के माध्यम से की गई है। फीस जमा रसीद के साथ आवेदन की हार्ड कॉपी 19 दिसंबर तक जमा करा सकेंगे। आवेदन सुविवि की वेबसाइट www.mlsu.ac.in पर ऑनलाइन प्रक्रिया में किए जा सकेंगे। हेल्पलाइन नंबर 0294-6055631, 6500631 हैं।