उदयपुर. आरएनटी मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पतालों में नर्सों की कमी दूर करने के लिए कॉलेज प्रशासन ने बुधवार शाम 400 नर्सों की लिस्ट जारी कर दी। इन्हें 15 दिसंबर तक मेडिकल कॉलेज में ज्वाइनिंग देनी होगी।
अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. शलभ शर्मा ने बताया कि जीएनएम या समकक्ष डिग्री के अंकों के आधार पर नर्स ग्रेड सेकंड की पहली लिस्ट जारी की गई है। दूसरी लिस्ट भी जल्द जारी कर दी जाएगी। नियुक्तियां आवश्यक अस्थायी आधार पर छह माह या नियमित रूप से अभ्यर्थी नहीं मिलने तक की गई है। स्टाफ का वेतन प्रतिमाह 13050 रुपए रहेगा। गौरतलब है कि गत शुक्रवार देर रात प्रशासन ने 185 की लिस्ट जारी की थी।
इसमें सिर्फ उन्हीं आवेदकों को शामिल किया गया था जो फिजिकल वेरीफिकेशन के लिए बुलाए गए थे, लेकिन अगले ही दिन राज्य सरकार नई गाइड लाइन जारी कर दी। इसमें सभी अप्लाई करने वाले आवेदकों को शामिल करने की बात कही। स्थानीय मेडिकल कॉलेज के लिए करीब 10 हजार आवेदन आए थे। इस कारण फिर से नई रिवाइज्ड लिस्ट जारी की गई। इधर, कुछ छात्रों ने लिस्ट पर सवाल भी खड़े किए हैं।
50 ने दी ज्वाइनिंग
डॉ.शर्मा ने बताया कि पहले जिन 185 आवेदकों की लिस्ट जारी की गई थी, उन्हें भी इस प्रक्रिया में शामिल किया गया था। उनमें से 165 आवेदक इसी मेरिट लिस्ट में गए। इनमें से 50 आवेदकों ने बुधवार को ज्वाइन भी कर लिया है। इनमें से कुछ को एमबी अस्पताल कुछ को जनाना अस्पताल में लगाया गया है।