उदयपुर. शहर में बेटियों को सुरक्षित महसूस कराने के लिए महिला पुलिस की छह टीमें सड़काें पर सादा कपड़ों में निगरानी कर रही हैं। इनकी नजर रोड टीजिंग (राह चलते युवतियों से छेड़छाड़) करने वालों पर है।
कार्रवाई की शुरुआत टीम ने गुरुवार को मीरा गर्ल्स कॉलेज के बाहर छात्राओं पर फब्तियां कसने वाले चार युवकों को सीआरपीसी की धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर की। फतहसागर से भी दो को पकड़ा। पुलिस ने यह व्यवस्था दैनिक भास्कर की खबर पर की है। भास्कर ने 29 जनवरी के अंक में ‘फतहसागर ही नहीं 10 और रास्ते ऐसे, जहां गुजरने से भी हिचकती हैं बेटियां’ समाचार प्रकाशित किया था, जिसमें बताया था कि फतहसागर और रानी रोड के अलावा भी 10 ऐसे रास्ते और हैं, जहां से गुजरने से बेटियां हिचकती हैं।
सख्त कार्रवाई कर रही है पुलिस
राह चलते महिलाओं, युवतियों से छेड़छाड़ करने वालों को पकड़ने और सख्त कार्रवाई के लिए पुलिस की छह टीमें बनाई गई हैं। टीमें सिविल ड्रेस में बदमाशों को पकड़ रही हैं। - डॉ.राजेश भारद्वाज, एएसपी-सिटी
हर टीम में तीन महिला कांस्टेबल हैं, जिनके साथ पुरुष कांस्टेबल को लगाया गया है। महिला थाना एसएचओ को सभी टीमों का इंचार्ज बनाया गया है। टीम में शामिल सभी कांस्टेबल सिविल ड्रेस में निगरानी कर रहे हैं। महिला कांस्टेबल्स विभिन्न स्थानों पर घूमती हैं, जिनसे कुछ दूरी पर पुरुष कांस्टेबल भी सिविल में रहते हैं। फब्तियां कसने, परेशान करने या छेड़छाड़ का प्रयास करने वाले बदमाश को ये महिला कांस्टेबल साथी कांस्टेबल की मदद से पकड़ लेती हैं। टीमें फतहसागर, रानी रोड, दूधतलाई, गर्ल्स स्कूल-कॉलेजों सहित अन्य चिह्नित क्षेत्रों में घूम रही हैं।
इन्हें किया गिरफ्तार
एमजी कॉलेज के पास से सेंट्रल एरिया निवासी अभिमन्यु सिंह पुत्र पूरण सिंह रावल, महेश पुत्र हरिप्रसाद बैरवा, खेरोदा निवासी खोमेन्द्र पुत्र सुखलाल भट्ट, भरतपुर हाल नाथद्वारा निवासी भरत सिंह पुत्र दिनेश चन्द्र चौधरी और फतहसागर से गंगानगर हाल पायड़ा निवासी देवीलाल पुत्र वाणीराम और अरविंद पुत्र शंकरलाल।