विधायकों के साथ नहीं बैठे भींडर
कमीशन खाने के अलावा कोई काम नहीं करते अफसर : अहारी
बाईपास फोरलेन, नई कॉलोनियों में पाइप लाइन हो : मीणा
‘पंचायतों में लगाएं शिकायतों के पास या फेल का स्टेटस’
टूरिज्म : क्रोकोडायल सेंचुरी की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी
गृहजिले के प्रभारी मंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि सरकार आपके द्वार कैंपेन के दौरान जिले में प्राप्त 79 हजार शिकायतों में से 18 हजार क्रियान्विति के लिए पास की गईं। जिनकी शिकायताें पर कार्रवाई हो चुकी या की जानी है, उस शिकायतकर्ता को इसका पता होना चाहिए। कटारिया बुधवार को जिले के उच्चाधिकारियों जन प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक ले रहे थे। उन्होंने कहा कि जो शिकायतें समाधान योग्य होने से खारिज की गई, उस आशार्थी को भी बताया जाना चाहिए कि शिकायत फेल क्यों हुई। ऐसा नहीं होने पर आशार्थियों को लगेगा कि उनकी शिकायत जायज थी, मगर समाधान की मंशा नहीं होने से खारिज कर दी गई। कटारिया ने कलेक्टर से कहा कि जिले की सभी पंचायतों पर पास तथा फेल शिकायताें की सूचियां लगाई जाएं। फेल शिकायतों पर अधिकारियों ने कटारिया को बताया कि इनमें आशार्थियों ने नया स्कूल, अस्पताल, पुल, तालाब बनाने की मांग की थी। कई लोगों ने मनचाही जगह तबादला करने, प्रमोशन करने जैसी मांग भी की थी। बैठक में नव नियुक्त जिला प्रमुख शांति लाल मेघवाल, जिले के प्रभारी सचिव डाॅ. अशोेक सिंघवी, कलेक्टर आशुतोष पेडणेकर, एसपी अजयपाल लांबा जिला परिषद की सीईओ नेहा गिरी भी मौजूद थे।
देवास प्रोजेक्ट
दूसरेचरण में निर्माणाधीन आकोदड़ा डैम का पानी अाने वाले बरसात के मौसम में आएगा। जल संसाधन अधिशासी अभियंता गोपाल दाना ने बताया कि डैम का 95 फीसदी काम हो चुका है। मार्च तक पूरा हो जाएगा। वैपकॉस कंपनी देवास 3-4 का सर्वे एवं डिजाइन कर रही है जो अपनी टेक्निकल रिपोर्ट मार्च तक देगी।
कन्वेंशन हॉल
चित्रकूटनगर मेें प्रस्तावित विजया राजे सिंधिया कन्वेंशन हॉल के प्लान की कटारिया ने समीक्षा की। यूआईटी सचिव ने बताया कि इसकी लागत 132 करोड़ आने से पीपीपी मोड पर निर्माण की योजना स्वीकृति के लिए सरकार काे भेजी है। यहां 16 हजार वर्ग मीटर भूखंड पर संपूर्ण वातानुकूलित ऑडिटोरियम बनाने की योजना है।
प्रतापनगर आेवरब्रिज
कटारियाने कहा कि देबारी से काया तक 24 किमी लंबा सिक्सलेन बायपास बनने के बाद ट्रैफिक जाम तथा हादसों पर अंकुश लगेगा। यूआईटी सेक्रेटरी रामनिवास मेहता ने बताया कि ओवर ब्रिज की लागत यूआईटी वहन कर पाने से प्लान ड्रॉप कर दिया गया। कटारिया ने यूआईटी अधिकारियों से कहा कि वे भुवाणा से बलीचा वर्तमान बायपास को फोरलेन बना दें। सिक्स लेन बायपास बनने पर इसका उपयोग इंटर सिटी ट्रैफिक के लिए किया जाएगा। प्रतापनगर चौराहे की चौड़ाई बढ़ाने के आदेश दिए ताकि ट्रैफिक जाम लगने से राहत मिले।
खेरवाड़ा विधायक नाना लाल अहारी ने कहा कि उनकी पंचायत समिति के बीडीओ नरेगा के कामों में कमीशन लेने के अलावा कोई काम नहीं करते। जिला मुख्यालय पर मीटिंग में भी नहीं आते हैं। पांच बार एपीओ किए जा चुके हैं। शिकायत के जवाब में सीईआे ने कहा कि खेरवाड़ा में उनकी नई पोस्टिंग है। उनकी गतिविधियों का ध्यान रखा जाएगा। अहारी ने बिजली के छह माह के बिल एक साथ आने की शिकायत की। जवाब में बिजली निगम के अधिकारी ने स्टाफ की कमी से रीडिंग में समय लगना बताया।
ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा ने भुवाणा-बलीचा बायपास को फाेरलेन बनाने तथा बेड़वास, नाकोड़ा नगर की नई कॉलोनियों में पाइप लाइन से जलापूर्ति की योजना स्वीकृत करने की मांग की। कटारिया को सलूंबर में 21 लाख की लागत से सोइल टेस्टिंग लेब का निर्माण मई तक पूरा होने की जानकारी दी गई। लूणदा में जनजाति छात्रावास के लिए भूमि आवंटित होने तथा शीघ्र निर्माण शुरू करने की बात बताई गई। आयड़ नदी पर सुका नाका ब्रिज का निर्माण शुरू होने की जानकारी दी गई।
जिला परिषद में बैठक लेते हुए प्रभारी मंत्री गुलाबचंद कटारिया। भास्कर
गृहमंत्री कटारिया ने बागदड़ा में क्रोकोडायल सेंचुरी निर्माण की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए। पर्यटन उप निदेशक सुमिता सरोच ने बताया कि जयसमंद झील में वाटर स्पोर्ट्स तथा बड़ी लेक में एडवेंचर टूरिज्म शुरू करने के प्लान बना कर मंजूरी के लिए सरकार को भेज दिए हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी लेक में बोटिंग शुरू करने की योजना है। कटारिया ने छोटे जलाशय पुरोहितों का तलाब, नेला तलाब, मदार डेम को भी पर्यटन से जोड़ने की सलाह दी।
वल्लभनगर विधायक रणधीर सिंह भींडर बैठक में अाए, मगर भाजपा विधायकों के साथ यू शेप में बनी पहली कतार में नहीं बैठे। वे अधिकारियों वाली कतार में बैठे। विधायकों वाली कतार में सलूंबर विधायक अमृत लाल मीणा, मावली के दली चंद अहारी गोगुंदा के प्रताप भील के साथ उप जिला प्रमुख सुंदर लाल भाणावत, गिर्वा प्रधान तख्तसिंह शक्तावत, बड़गांव प्रधान खूबी लाल पालीवाल भी थे। बैठक के आखिर में भींडर ने शिकायत की कि उनके विधानसभा क्षेत्र में बनने वाले कसोटिया डैम की कोई चर्चा नहीं हुई, जबकि यह योजना 186 गांवों की जलापूर्ति के लिए बनाई गई थी। इस पर कटारिया ने प्रतिक्रिया नहीं दी। जल संसाधन अधिकारी ने कहा कि कसोटिया तलाब का डूब क्षेत्र जयसमंद के कैचमेंट में आने से राज्य सरकार की अनुमति लेनी जरूरी है। कटारिया ने कहा कि पेयजल योजना के लिए सरकार की अनुमति लेना जरूरी नहीं है।